मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर बिजनौर में एक्शन, दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त; 100 को नोटिस
बिजनौर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई हुई है। दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त कर दी गई है, जबकि 100 को नोटिस जारी किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई।
दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा तत्काल समाप्त की गई।
सौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस, सुधार का मौका।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान भी ड्यूटी से गैर हाजिर मिलने पर बीएलओ का कार्य कर रहीं दो आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवा डीएम ने समाप्त कर दी है। इसके अलावा अभियान में फॉर्म छह, सात व आठ का एक भी फार्म न भरने पर 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस दिया गया है। एक सप्ताह के अंदर अपने क्षेत्र में अभियान से जुड़ा सभी कार्य पूरा न करने पर इनकी भी सेवा समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।
विधानसभा चुनाव अगले वर्ष की शुरूआत में ही होने हैं। शासन द्वारा मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नागरिकों से संबंधित फार्म भरवाए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा बीएलओ से उनके क्षेत्र में जाकर फार्म भरवाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। बीएलओ की जांच भी की जा रही है।
डीएम के निर्देश पर जांच की गई तो चांदपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव खेड़की की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुलोचना देवी और मसीत की शमा परवीन ड्यूटी से दो दिन से अनुपस्थित थीं।
डीएम के निर्देश पर दोनों की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके अलावा जांच में पाया गया कि जिले भर में बीएलओ का कार्य देख रहीं 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऐसी हैं जिन्होंने अभियान के अंतर्गत एक भी फॉर्म छह, सात व आठ नहीं भरवाया है।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी के तीसरी बार CM बनने की प्रार्थना, बिजनौर में 2 साल से नंगे पैर चलकर मंदिर में जल चढ़ा रहा व्यक्ति
यानी वोट बनाने संबंधी कार्य में इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने रत्ती भर भी दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इन सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है। अगर एक सप्ताह के अंदर उन्होंने अपने क्षेत्र में सभी पात्रों के फार्म छह, सात व आठ न भरवाए तो इनकी सेवा भी समाप्त कर दी जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल कुमार चौबे ने इसकी पुष्टि की है।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त की गई है। 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस दिया गया है। इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्य में सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।- जोगिंदर सिंह, डीएम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।