यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bus Accident: एनएच-74 पर बड़ा हादसा, 15 फीट गहरे गड्ढे में जाकर पलटी रोडवेज बस; 11 नेपाली यात्री घायल
Bijnor Bus Accident नेशनल हाईवे 74 पर गांव हुसैनाबाद उर्फ दौलताबाद के पास हरिद्वार से नेपाल बॉर्डर जा रही हरिद्वार ...और पढ़ें

बिजनौर, जागरण संवाददाता। बिजनौर में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां नेशनल हाईवे 74 पर गांव हुसैनाबाद उर्फ दौलताबाद के पास हरिद्वार से नेपाल बॉर्डर जा रही हरिद्वार डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गई। जिसमें 11 नेपाली यात्री घायल हो गए।
बस के पलटने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सभी सवारियों को बस से बाहर निकाला। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
15 फीट गहरे गड्ढे में जाकर पलटी बस
उत्तराखंड के हरिद्वार डिपो की रोडवेज बस हरिद्वार से लगभग 60 सवारी लेकर नेपाल बॉडर के लिए चली थी। बस में एक-दो सवारी को छोड़कर अधिकतर सवारियां नेपाल की थी। गुरुवार की रात्रि बस नेशनल हाइवे -74 पर गांव हुसैनाबाद उर्फ दौलताबाद बाईपास पर स्थित ढाबे पर खाना खाने के लिए रोक दी। बस के ड्राइवर, कंडक्टर और सवारियों ने खाना खाया। बस जब ढाबे से मात्र दो सौ मीटर दूर हाईवे पर चली तो बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई।
चालक और परिचालक कूद कर हुए फरार
घटना के बाद बस चालक व परिचालक बस से कूद कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर सभी सवारियों को बस से बाहर निकाला। हादसे में जिला नेपाल नेपालगंज जनक बहादुर शाही, विष्णु माया आचार्य, रामचंद्र आचार्य, जिला कोलपुर निवासी शंकर खत्री, जिला बांके नेपाल तुल सिंह, तुलसा राय, दिनेश, सुनपति, नवीन, बिजेन्द्र, गंगाराम घायल हो गए। कुछ यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद दी गई छुट्टी
घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने हरिद्वार से दूसरी बस मंगा कर सभी सवारियों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। कोतवाली देहात एसओ जयवीर सिंह ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
