कौन हैं ओम कुमार, जिनका नहटौर विधानसभा सीट से निर्वाचन हाई कोर्ट ने किया रद; BSP से BJP तक उनका सियासी सफर
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बिजनौर की नहटौर सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द कर दिया है। उन्होंने वर्ष 2022 में निर्वाचित होकर इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगाई थी।

ओम कुमार। जागरण आर्काइव
HighLights
ओम कुमार नहटौर सीट से पहली बार 2012 में बने थे विधायक।
इस सीट से लगातार तीन बार निर्वाचित हुए विधायक।
वर्ष 2024 में भाजपा के टिकट पर नगीना लोकसभा सीट से हारे।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बिजनौर की नहटौर (सुरक्षित) सीट से भाजपा के विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद कर दिया है। यह चुनाव याचिका रालोद प्रत्याशी मुंशीराम पाल की ओर से दाखिल की गई थी, जिन्हें भाजपा प्रत्याशी ने 2022 विधानसभा चुनाव में 258 वोटों से हराया था।
नहटौर सीट से निर्वाचित होने वाले पहले विधायक बने ओम कुमार
7 मई 1969 को जन्में ओम कुमार बिजनौर जिले के गांव महेश्वरी जट के निवासी हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट तक शिक्षा प्राप्त की है और वह एक बिजनेसमैन हैं। नहटौर विधानसभा क्षेत्र वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया था। पहला विधानसभा चुनाव वर्ष 2012 में हुआ। परिसीमन से पूर्व क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा धामपुर विधानसभा क्षेत्र में शामिल था।
ओम कुमार इस सीट से निर्वाचित होने वाले पहले विधायक बने थे। उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी का आगाज बहुजन समाज पार्टी से किया था। वर्ष 2012 में बसपा के टिकट पर 51,389 वोट प्राप्त कर उन्होंने सपा के राज कुमार (31,991 वोट) को 19,398 वोटों से पराजित किया था।
वर्ष 2017 के चुनाव से पूर्व उन्होंने पाला बदल लिया और भाजपा में शामिल हो गए।
इसके टिकट पर चुनाव लड़कर लगातार ओम कुमार दूसरी बार विधायक बने। उन्होंने 76444 वोट पाए थे। उनके निकटमत प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मुन्ना लाल प्रेमी को 53493 वोट मिले थे।
वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर सपा-रालोद गठबंधन के मुंशीराम को मात्र 258 मतों से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। ओम कुमार को 77,935 और रालोद उम्मीदवार मुंशी राम को 77,677 मत मिले थे।
चंद्रशेखर से हार गए थे लोकसभा चुनाव
वर्ष 2024 में भाजपा ने उन्हें नगीना लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया, लेकिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चंद्रशेखर आजाद से वह चुनाव हार गए। चंद्रशेखर को 512552 और दूसरे स्थान पर रहे ओम कुमार को 361079 वोट मिले थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।