भदोही में सपा मुखिया अखिलेश यादव का AI वीडियो बनाकर किया दुष्प्रचार, दो लोगों पर केस दर्ज
भदोही पुलिस ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके परिवार को निशाना बनाकर एआई से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
एआई से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज।
अखिलेश यादव और परिवार को निशाना बनाया गया।
अदालत के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, भदोही। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके परिवार को निशाना बनाकर एआई से आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने दो इंटरनेट मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, भय मुक्त उत्तर प्रदेश और याद रखेगा उत्तर प्रदेश नाम से संचालित दो इंटरनेट मीडिया अकाउंट के जरिये एआई से अखिलेश की आवाज तैयार कर वीडियो प्रसारित किया गया था। इस मामले में सपा के औराई विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष केश नारायण यादव ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह की अदालत में याचिका दाखिल की थी।
सुनवाई के बाद अदालत ने बीते शनिवार को मामले में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। आरोप है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर सक्रिय इन अकाउंट से सपा, उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। साथ ही धर्म, जाति, भाषा और नस्ल के आधार पर वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री प्रसारित की गई।
वीडियो दो सितंबर से प्रसारित हो रहा था। तीन सितंबर को औराई कोतवाली में लिखित शिकायत देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उच्चाधिकारियों को भी शिकायत भेजी गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि प्रसारित पोस्ट के स्क्रीनशॉट एकत्र किए गए हैं। औराई एसएचओ विजय प्रताप सिंह को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- चंदौली के जिलाधिकारी बने शैलेश कुमार, पूर्व में भदोही जिले में थी तैनाती