विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंतजार खत्म! भदोही में इसी महीने चालू होगा 100 बेड का अस्पताल; विभागीय जांच में मिली हरी झंडी

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:23 PM (IST)

भदोही में 2022 से तैयार 100 बेड का मातृ-शिशु अस्पताल इसी महीने पीपीपी मोड पर हेरिटेज ग्रुप द्वारा संचालित किया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भदोही में 100 बेड का मातृ-शिशु अस्पताल जल्द शुरू होगा।

  2. हेरिटेज ग्रुप पीपीपी मोड पर अस्पताल का संचालन करेगा।

  3. प्रसूति, स्त्री रोग, नवजात शिशुओं के उपचार की सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, भदोही। महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल परिसर में वर्ष 2022 से बनकर तैयार 100 बेड की मातृ-शिशु अस्पताल इसी माह में शुरू हो जाएगा। पीपीपी मोड पर हैरिटेज ग्रुप अस्पताल का संचालन करेगा। भारत सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच पूरी कर ली है।

अब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 10 विशेषज्ञ चिकित्सकों का पैनल गठित किया गया है। जिलाधिकारी स्तर से रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद अस्पताल शुरू होगा। अस्पताल में प्रसूति, स्त्री रोग और नवजात शिशुओं के उपचार की पूरी सुविधा रहेगी।

भवन में एक साल पहले ही बेड, चिकित्सा उपकरण और अन्य जरूरी संसाधन लगाए जा चुके हैं। पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी की जा चुकी है। हालांकि, अस्पताल शुरू करने से पहले सीओडी (कामर्शियल आर्डर डेट) अनुमति से जुड़ी प्रक्रिया और विभिन्न जांचें पूरी करना जरूरी था।

विभागीय टीम ने निरीक्षण और जांच के बाद संचालन को अनुमति दी है। यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की देखरेख में गर्भावस्था संबंधी समस्याओं, प्रसव और प्रसव के बाद होने वाली जटिलताएं उपचार से दूर होंगी।

नवजात शिशुओं की जांच और उपचार के साथ जरूरत के अनुसार विशेष देखभाल की सुविधा भी रहेगी। अस्पताल में बेड, चिकित्सा उपकरण और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था पहले से होने के कारण संचालन शुरू होने पर सेवाओं को गति मिल जाएगी।

मातृ शिशु विंग के संचालन को सीओडी मिल चुका है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल संचालन की प्रक्रिया चालू हो गई। इसका पहले रजिस्ट्रेशन होगा। इसके लिए हैरिटेज ग्रुप ने दस विशेषज्ञ चिकित्सकों की सूची भी दे दी है। रजिस्ट्रेशन होने के बाद इसी माह में संचालन होने लगेगा।

-डाॅ. एसके चक, सीएमओ

यह भी पढ़ें- बल‍िया में गंभीर हालत में ट्रेन से उतारे गए पांच माह के बच्चे की हालत गंभीर, जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर

यह भी पढ़ें- आयुष्मान भारत में फर्जीवाड़ा: लखनऊ और गोंडा के 21 निजी अस्पतालों पर 'साचीज' का शिकंजा, नोटिस जारी