बस्ती में सपा नेता पर जानलेवा हमला, रॉड और कुल्हाड़ी के वार से हालत गंभीर; 4 लोगों पर नामजद मुकदमा
बस्ती में निमंत्रण से लौट रहे सपा नेता श्यामनरायन शुक्ल पर घात लगाकर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने चार नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
HighLights
निमंत्रण से लौटते सपा नेता पर हुआ जानलेवा हमला।
हमले में श्यामनरायन शुक्ल गंभीर रूप से घायल, बेहोश।
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया।
संवाद सूत्र, नगर बाजार(बस्ती)। निमंत्रण से घर लौट रहे सपा नेता पर घात लगाकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में नगर थाना क्षेत्र के गोयरी निवासी पूर्व प्रधान और समाजवादी प्रबुद्ध सहासभा के जिलाध्यक्ष श्यामनरायन उर्फ कक्कू शुक्ल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद और दो-तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सपा नेता के मुताबिक, सोमवार की शाम वह जसईपुर गांव से बाइक से घर लौट रहे थे।
आरोप है कि अठदमा गांव में गुड़ियवा तालाब के पूरब पहले से घात लगाए अवधेश पाठक, शुभम पाठक, रामेश्वर पाठक, सुंदरम पाठक और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसी दौरान अवधेश ने लोहे की राड से सिर पर हमला किया, जबकि शुभम ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने से वह मौके पर बेहोश हो गए। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि किया है।
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में पुलिस पर हमला, दारोगा और हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ी; पुलिस जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश