चक्रवाती तूफान अर्णब का बस्ती में असर: पारा लुढ़का, स्कूल बंद, धान की फसल को नुकसान
चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से बस्ती में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम का मिजाज बदल गया है, जिससे ...और पढ़ें

HighLights
बस्ती में चक्रवाती तूफान अर्णब से मौसम में बदलाव।
तापमान में पांच डिग्री की गिरावट, नर्सरी से आठवीं तक स्कूल बंद।
बेमौसम बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान, किसान चिंतित।
जागरण संवाददाता, बस्ती। चक्रवाती तूफान अर्णब का असर अब बस्ती जिले में भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार की सुबह से ही रुक-रुककर बारिश शुरू हो गई। बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। सुबह से ही वातावरण में ठंडक महसूस की जाने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बस्ती का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल बंद
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने शुक्रवार को जिले के नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
धान की फसल पर संकट, खड़ी फसल भी तेज हवा से गिरी
अर्णव तूफान के प्रभाव से शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम वर्षा से खरीफ की प्रमुख फसल धान को नुकसान पहुंचने लगा है। खेतों में कटाई के बाद सुखाने के लिए रखी गई धान की फसल भीग गई है। वहीं, तेज हवा और बारिश के चलते कई स्थानों पर खेतों में खड़ी फसल भी गिर गई है।
यह भी पढ़ें- पशुपालक अध्ययन भ्रमण योजना की पहल, बस्ती के 210 पशुपालक कृषि विश्वविद्यालयों में सीखेंगे आधुनिक तकनीक
लगातार बारिश से खेतों में जलभराव की स्थिति बन रही है। इससे फसल के सड़ने और तैयार बालियों में अंकुर निकलने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि एक-दो दिन और बारिश हुई तो नुकसान और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- बस्ती में 600 नौनिहाल संभालेंगे रामलीला की कमान, 12 नवंबर से शुरू होगा भव्य मंचन
किसान सतीश मिश्रा, चंद्रप्रकाश यादव, धर्मेंद्र जायसवाल, मथुरालाल जायसवाल, देवीलाल मोदनवाल और दीपक ने बताया कि बेमौसम बारिश ने चिंता बढ़ा दी है।
