बस्ती में सब्जी मंडी के लिए बनेंगी 40 दुकानें, स्टेडियम के पास विकसित होगा वेंडिंग जोन
बस्ती के कंपनीबाग स्थित सब्जी मंडी के व्यापारियों को जल्द ही स्टेडियम गेट के पास 40 व्यवस्थित दुकानें मिलेंगी। बीडीए द्वारा 32 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग जोन में इन दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कंपनीबाग सब्जी मंडी को मिलेंगी 40 नई दुकानें।
स्टेडियम गेट के पास वेंडिंग जोन में होगा निर्माण।
बीडीए खर्च करेगा 32 लाख रुपये, अतिक्रमण हटेगा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। शहर के कंपनीबाग स्थित सब्जी मंडी के व्यापारियों को जल्द ही व्यवस्थित दुकानें मिलेंगी। बस्ती विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से स्टेडियम गेट के पास चिह्नित वेंडिंग जोन में 40 दुकानें बनवाई जाएंगी।
इसके निर्माण पर करीब 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है। दुकानें बनने के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से पात्र सब्जी व्यापारियों को उनका आवंटन किया जाएगा।
कंपनीबाग के पास संचालित सब्जी मंडी को काफी पहले वेंडिंग जोन के रूप में चिह्नित किया गया था, लेकिन सड़क की पटरी पर अतिक्रमण होने के कारण यहां दुकानों का निर्माण नहीं हो पा रहा था। इस समस्या को देखते हुए बीडीए ने नगर पालिका से चिह्नित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कहा था।
इसके बाद गुरुवार को नगर पालिका की टीम ने जेसीबी से सड़क की पटरी पर लगी सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों को हटवाया। शुक्रवार को खाली कराई गई जगह पर पिलर लगाकर कंटीले तारों से घेराबंदी भी कर दी गई।
बीडीए की योजना के मुताबिक सबसे पहले वेंडिंग जोन में कंक्रीट का चबूतरा तैयार कराया जाएगा। इसके बाद उस पर टीनशेड लगाया जाएगा। दुकानों के बीच सीमेंट के पोल की मदद से एंगल लगाकर पार्टीशन बनाया जाएगा, जिससे प्रत्येक व्यापारी को अलग-अलग दुकान मिल सके। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विभाग की ओर से एक सप्ताह के भीतर काम शुरू कराने की तैयारी है।
इस व्यवस्था से सब्जी मंडी के आसपास सड़क की पटरी पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा। साथ ही बेतरतीब तरीके से लगने वाली दुकानों के कारण होने वाली अतिक्रमण की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
वेंडिंग जोन में कुल 40 दुकानें बनाई जाएंगी।
निर्माण पूरा होने के बाद नगर पालिका इन दुकानों का आवंटन करेगी। इससे सब्जी व्यापारियों को कारोबार के लिए निर्धारित स्थान मिलेगा और शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- बाराबंकी-सीतापुर के बीच सफर होगा आसान, चौरियारी नदी पर 4 करोड़ से बनेगा नया पुल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।