बस्ती में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, हाईवे पर पेड़ गिरने से लगा लंबा जाम
बस्ती में दो दिनों की मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ गिरने से ...और पढ़ें

डिवाइडर पर चढ़ा ट्रक, टली बड़ी दुर्घटना। जागरण
HighLights
दो दिनों की मूसलधार बारिश से बस्ती में जनजीवन अस्त-व्यस्त।
बस्ती-अयोध्या हाईवे पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित, लंबा जाम।
शहर में जलभराव, कीचड़ और जिला अस्पताल में मरीजों को परेशानी।
जागरण संवाददाता, बस्ती। दो दिनों से लगातार हो रही मूसलधार वर्षा ने शनिवार सुबह जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। बारिश के चलते जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव व कीचड़ की स्थिति बन गई, वहीं बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क पर पेड़ गिरने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश के बीच जाम में फंसे यात्रियों और चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलकपुर के निकट सड़क के किनारे लगा एक पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। पेड़ के सड़क पर आ जाने से वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क से पेड़ हटाने में जुट गए।
इसी दौरान हाईवे पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। गनीमत रही कि ट्रक पलटा नहीं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रक के डिवाइडर पर चढ़ने के बाद आसपास से गुजर रहे वाहनों में अफरातफरी की स्थिति बनी रही। हादसे की आशंका के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और यातायात का दबाव और बढ़ गया।
शहर में भी सड़कों पर पानी और कीचड़
लगातार बारिश का असर बस्ती शहर के विभिन्न मोहल्लों में भी दिखाई दिया। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया तो कुछ मोहल्लों में कीचड़ फैलने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया। पैदल राहगीरों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी। निचले इलाकों में जलनिकासी प्रभावित होने से लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी दिक्कत हुई।
जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ी परेशानी
बारिश के कारण जिला अस्पताल परिसर में भी मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्ची काउंटर के सामने जलभराव हो गया। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों को पानी के बीच से होकर पर्ची बनवाने के लिए पहुंचना पड़ा। कई मरीजों और तीमारदारों को जलभराव से बचकर निकलने के लिए रास्ता तलाशना पड़ा। अस्पताल आने वाले लोगों ने जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की जरूरत बताई।
यह भी पढ़ें- पूर्वजों की याद में निर्माण कार्य कराने पर खर्च का 40% पैसा देगी यूपी सरकार, इन कामों को किया गया शामिल
लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर हाईवे तक सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। सड़क पर पेड़ गिरने और ट्रक के डिवाइडर पर चढ़ने से यातायात व्यवस्था पर असर पड़ा, जबकि शहर में जलभराव और कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश के बीच संबंधित विभागों की टीमें रास्ते साफ कराने और जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु करने में जुटी रहीं।
