विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वजों की याद में निर्माण कार्य कराने पर खर्च का 40% पैसा देगी यूपी सरकार, इन कामों को किया गया शामिल

Published: Fri, 25 Sep 2026 04:29 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों के विकास के लिए 'उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना' शुरू की है।

पूर्वजों की याद में कराएं कार्य कराने पर 40 प्रतिशत धन देगी सरकार।

पूर्वजों की याद में कराएं कार्य कराने पर 40 प्रतिशत धन देगी सरकार।

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना ग्रामीण विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी।

  2. पूर्वजों की याद में निर्माण पर सरकार देगी 40% खर्च।

  3. बरात घर, अस्पताल, स्कूल जैसे कार्य योजना में शामिल।

जागरण संवाददाता, बस्ती। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, गांवों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से सरकार ने उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना शुरू की है। इसके तहत यदि कोई अपने पूर्वजों, माता पिता की याद में कोई अपने गांव, क्षेत्र में समाज के लिए सार्वजनिक उपयोग के लिए बरात घर, अस्पताल आदि का निर्माण कार्य, कराना चाहे तो सरकार बजट का 40 प्रतिशत हिस्सा वहन करेगी।

इतना ही नहीं शिलापट्ट भी संबंधित व्यक्ति का ही लगेगा। उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल के तहत कोई भी व्यक्ति या निजी संस्था अपने पैतृक गांव या क्षेत्र के विकास कार्यों में आर्थिक योगदान दे सकती है।

प्रधान, प्रमुख या उच्च पदों पर बैठे लोग, निजी संस्था संबंधित गांव, क्षेत्र व जिले में अपने पूर्वजों की याद में कुछ सामाजिक कार्य करना चाहती है तो सरकार उन्हें उस कार्य पर खर्च होने वाली धनराशि का 40 प्रतिशत हिस्सा देगी।

निदेशक पंचायती राज ने डीएम और सीडीओ को पत्र भेजकर योजना के क्रियान्वयन व प्रचार प्रसार पर जोर दिया है। वहीं सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने बीडीओ, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायतों के प्रशासक आदि को पत्र भेज कर कहा है सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का प्रचार प्रसार कराएं और लोगों को योजना के तहत विभिन्न कार्यो के लिए प्रेरित करें।

योजना के तहत कराए जाने वाले कार्य

  • ग्राम पंचायत या क्षेत्र पंचायत में बरात घर का निर्माण।
  • स्कूलों व कॉलेजों का निर्माण, स्मार्ट क्लासेज की स्थापना।
  • ग्राम पंचायतों में सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन निर्माण का कार्य।
  • ओपन जिम, स्किल सेंटर व सामुदायिक भवन निर्माण का कार्य।
  • प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र, उप चिकित्सा केन्द्र के भवन का निर्माण।
  • विद्यर्थियों के लिए हास्टल, चौराहों पर सीसीटीवी लगाने का कार्य।
  • पुस्तकालय, व्यायाम शाला और अन्त्येष्टि स्थल आदि का निर्माण।
  • वाटर कूलर, यात्री शेड का निर्माण और तालाब का सौंदर्यीकरण।
  • गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट, एलईडी लाइट की स्थापना आदि कार्य।

उत्तर प्रदेश मातृभूमि योजना का उद्देश्य प्रवासियों व अन्य लोगों को उनकी मातृभूमि से जोड़ना है। ग्राम पंचायत में निवासरत व बाहर गए सुविधा सम्पन्न लोगों के लिए अपने गांव के विकास में योगदान देने के लिए यह एक व्यवस्थित प्लेटफार्म है। योजना का प्रचार प्रसार करने के लिए खंड विकास अधिकारियों, एडीओ पंचायत, सभी प्रशासकों का पत्र भेजा गया है। -घनश्याम सागर, डीपीआरओ।