Weather Today: बस्ती में भारी बारिश का अलर्ट, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी किया एडवाइजरी
मौसम विभाग ने बस्ती में अगले 72 घंटों के लिए भारी वर्षा, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की ...और पढ़ें

तहसील स्तर पर एसडीएम व स्वयंसेवकों को अलर्ट रहने के निर्देश। जागरण
HighLights
मौसम विभाग ने बस्ती में अगले 72 घंटे भारी वर्षा की चेतावनी दी।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों के लिए सतर्कता एडवाइजरी जारी की।
प्रशासन ने तहसील स्तर पर राहत कार्यों के लिए अलर्ट रहने को कहा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। जिले में लगातार हो रही वर्षा के बीच अगले 72 घंटे मौसम के लिहाज से अहम बताए गए हैं। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को अत्यधिक भारी वर्षा और 27 सितंबर को भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से बाढ़ की आशंका वाले और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
तहसील स्तर पर भी सतर्कता
संभावित आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए तहसील स्तर पर सभी उपजिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से स्वयंसेवकों को भी सक्रिय और सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। जिले की चारों तहसीलों में आपदा के दौरान राहत एवं पुनर्वास कार्य की जिम्मेदारी प्रशासनिक स्तर पर तय है।

प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि जलभराव वाले रास्तों, नदियों, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। बारिश के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और जर्जर भवनों के आसपास भी सावधानी बरतें। बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान में खड़े होने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।
हेल्पलाइन
आपातकालीन हेल्पलाइन उपलब्ध हैं। आपदा प्रबंधन के लिए 8429599122 तथा 1078, एंबुलेंस के लिए 102/108, पुलिस के लिए 100।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि लगातार वर्षा के कारण ग्रामीण और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- बस्ती में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, हाईवे पर पेड़ गिरने से लगा लंबा जाम
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य को तत्काल गति दें। नागरिकों से अपील है कि घबराने के बजाय सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।
