'फाइलों और धरातल की समस्याओं में अंतर', बस्ती जागरण विमर्श में बोले मंडलायुक्त- नियमों का पालन जरूरी
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने जागरण विमर्श में जनता की समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने सड़क ...और पढ़ें

जागरण विमर्श के अंतिम सत्र को संबोधित करते मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तवl। जागरण
HighLights
मंडलायुक्त ने जागरण विमर्श में जनता की समस्याओं को सुना।
सड़क सुरक्षा हेतु हेलमेट व सामुदायिक सहभागिता पर विशेष बल दिया।
अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश, जाम पर भी चर्चा।
अरुण कुमार मुन्ना, बस्ती। कार्यालय की फाइलों में दर्ज समस्याएं और जनता के बीच जाकर सुनीं गई शिकायतें कई बार अलग होती हैं। जागरण विमर्श में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव को भी इसका अहसास हुआ। कई ऐसी समस्याएं सामने आईं, जिनके बारे में वह अनभिज्ञ थे।
जनता के सवाल सुनने के बाद उन्होंने कहा कि अब इन समस्याओं की जानकारी हुई है तो समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। मौके पर ही एसडीएम और सीआरओ को समस्याएं नोट करने के निर्देश दिए। जनता की परीक्षा में अच्छे अंकों से पास होने का प्रयास करने की बात कहते हुए उन्होंने विमर्श के आयोजन के लिए दैनिक जागरण को धन्यवाद दिया।
मंडलायुक्त ने सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर कहा कि हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य है। इसके लिए नियमों को कड़ाई से लागू कराया जाएगा, लेकिन केवल प्रशासन के प्रयास से सड़क दुर्घटनाओं में कमी नहीं लाई जा सकती। समाज को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। अभिभावकों को बच्चों को दोपहिया वाहन देते समय यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके पास लाइसेंस हो और वे हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं।
दो दिन पहले एक दुर्घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि हादसा तो दुर्भाग्यपूर्ण था ही, लेकिन हेलमेट नहीं पहनने के कारण उसे सिर में चोट लगी। समय से अस्पताल पहुंचने पर उसका उपचार हो सका। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बताती हैं कि यातायात नियमों का पालन कितना जरूरी है।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन और प्रशासन नियम बनाकर उनका पालन करा सकते हैं, लेकिन व्यवस्था तभी प्रभावी होगी जब समाज की सहभागिता मिले। वाहन चालक सड़क पर अकेला नहीं होता। उसके पीछे परिवार की जिम्मेदारी भी होती है। यदि लोग अपनी सुरक्षा को परिवार की सुरक्षा से जोड़कर देखेंगे तो सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्रशासन मंडल के तीनों जिलों में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। सड़क सुरक्षा पर चर्चा के दौरान मंडलायुक्त ने राहगीरों की संवेदनशीलता पर बात रखी।
यह भी पढ़ें- मखौड़ा से मगहर तक बनेगा धार्मिक पर्यटन सर्किट, 'जागरण विमर्श' में चमकीं क्षेत्र के विकास की संभावनाएं
यह भी बताया कि एक सड़क हादसे के लगभग 10 से 12 मिनट बाद वह वहां से गुजरे। हादसे के बाद से लगातार वाहन वहां से आ-जा रहे थे, लेकिन किसी ने घायल की मदद नहीं की। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। विमर्श के दौरान बस्ती से संतकबीरनगर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की समस्या भी सामने रखी गई। जाम की समस्या पर उन्होंने कहा कि शहर बहुत बड़ा नहीं है, फिर भी जाम की स्थिति सामने आ रही है। इसे गंभीरता से देखा जाएगा।
