विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में फंदे से लटकता मिला व्यवसायी का शव, जांच में जुटी पुलिस

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:48 PM (IST)

बस्ती के चिलमा बाजार में 24 वर्षीय व्यवसायी शिवम पटवा का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. बस्ती के चिलमा बाजार में व्यवसायी का शव मिला।

  2. किराये के मकान में फंदे से लटकता पाया गया।

  3. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, बस्ती। चिलमा बाजार में शनिवार सुबह 24 वर्षीय एक व्यवसायी का शव किराये के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची दुबौलिया पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

चिलमा कस्बा निवासी बेचूलाल के पुत्र शिवम पटवा (24) जयमाल और डेकोरेशन का काम करते थे। उन्होंने डेकोरेशन का सामान रखने के लिए घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर एक मकान किराये पर ले रखा था। वह अक्सर इसी मकान में रात भी बिताते थे।

शिवम के छोटे भाई शुभम ने बताया कि शुक्रवार को बैरागल गांव में एक कार्यक्रम में डेकोरेशन का काम पूरा करने के बाद शिवम शाम को घर आए थे। रात में भोजन करने के बाद वह अपने किराये के मकान में सोने चले गए।

शनिवार सुबह करीब आठ बजे तक जब शिवम चाय पीने के लिए घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनका छोटा भाई शुभम किराये के मकान पर पहुंचा। बाहर से आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।

अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। शिवम का शव छत में लगे पंखे की कुंडी से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटक रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

शिवम पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर के थे। उनकी दोनों बड़ी बहनों का विवाह हो चुका है। परिवार में घटना के बाद से मातम पसरा है। दुबौलिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- बस्ती में सब्जी मंडी के लिए बनेंगी 40 दुकानें, स्टेडियम के पास विकसित होगा वेंडिंग जोन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।