डिजिटल क्रांति की ओर कदम: बस्ती की 841 ग्राम पंचायतें बनेंगी 'डिजिटल विलेज', गांव में ही मिलेंगी सरकारी सेवाएं
बस्ती जिले में 841 ग्राम पंचायतों को डिजिटल विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं मिलेंगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
841 ग्राम पंचायतें डिजिटल विलेज के रूप में विकसित होंगी।
252 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही हैं।
ग्रामीणों को पंचायत भवनों से मिलेंगी सभी सरकारी सेवाएं।
जागरण संवाददाता, बस्ती। गांवों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में काम किया जा रहा है। जिले की 1185 ग्राम पंचायतों में से 841 को डिजिटल विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है।
वहीं, 252 ग्राम पंचायतों में स्थानीय विद्यार्थियों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों के जरिए पढ़ाई और जानकारी हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
ग्राम पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर नजर डालें तो जिले की 1130 ग्राम पंचायतों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध हैं। शेष 55 ग्राम पंचायतों में अभी बिजली कनेक्शन की सुविधा नहीं है। सभी 1185 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय यानी पंचायत भवन संचालित किए जा रहे हैं। शासन की मंशा है कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए ब्लाक और जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
डिजिटल सेवाएं कराई जा रहीं उपलब्ध
इसके लिए ग्राम सचिवालयों को जरूरी संसाधनों से लैस किया जा रहा है। हालांकि 1151 पंचायत सहायकों की तैनाती है बावजूद अभी भी 841 ग्राम पंचायतों मेंं ही पंचायत भवन से ग्रामीणों को पंचायत सहायकों द्वारा सरकारी व डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्राम पंचायतों में आधार आधारित बैंकिंग, यूपीआइ की सुविधा अभी नहीं मिल पाई है। हालांकि छोटे छोटे कस्बों में बैंकों की शाखाएं व एटीएम संचालित हैं। चौराहों पर ग्राहक सेवा केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को नकद निकासी, धन हस्तांतरण और डीबीटी आदि के लिए अधिक दूर नहीं जाना पड़ता है।
डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं के पुस्तकें, कंप्यूटर आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
डिप्टी सीएमओ एसबी सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों में टेली मेडिसिन का लाभ ग्रामीणों को 256 आयुष्मान आरोग्य मंदिर व सभी 14 सीएचसी पर मिलता है। रोगी टेली मेडिसिन के जरिए चिकित्सक से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी लेते हैं।
पंचायत सचिवालय से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं
पंचायत सचिवालय से रोजगार सेवकों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल और भूलेख से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड और राशन कार्ड से संबंधित आवेदन व सुधार भी यहां सेकराए जा रहे हैं। पीएम किसान, मनरेगा, छात्रवृत्ति, श्रम कार्ड, आधार-पैन व बैंकिंग/सीएससी सेवाएं भी प्रदान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बस्ती में कई लोगों ने थामा रालोद का दामन, प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन में दिलाई सदस्यता
ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधाएं व सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पंचायत भवनों में इंटरनेट सुविधा, कम्प्यूटर सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त 252 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कर उनका संचालन किया जा रहा है। वहीं युवाओं व विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। -आनन्द कुमार गुप्ता, प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।