अयोध्या से माता सीता के जनकपुर धाम के लिए चली ट्रेन का बस्ती में हुआ भव्य स्वागत, सुरक्षा एजेंसियां रहीं अलर्ट
अयोध्या धाम से जनकपुर धाम (नेपाल) के लिए चली विशेष ट्रेन का बस्ती रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत हुआ।

बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंची विशेष ट्रेन
HighLights
अयोध्या-जनकपुर विशेष ट्रेन का बस्ती स्टेशन पर भव्य स्वागत हुआ।
यह ट्रेन भारत-नेपाल के धार्मिक संबंधों को नई मजबूती देगी।
रामायण सर्किट से जुड़े स्थलों की यात्रा अब सुविधाजनक होगी।
जागरण संवाददाता, बस्ती। भारत-नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। रेल मंत्रालय की ओर से अयोध्या धाम से नेपाल के जनकपुर धाम तक वाया बस्ती चलाई गई उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 04295 बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंची तो रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई। माता सीता के जनकपुर धाम को जोड़ने वाली इस विशेष रेल सेवा को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यहांं ट्रेन के पायलट का स्वागत किया गया।
रेल मंत्रालय की इस पहल के तहत मंगलवार को अयोध्या धाम जंक्शन से अयोध्या धाम-जनकपुर धाम (नेपाल) उद्घाटन विशेष ट्रेन का शुभारंभ किया गया। ट्रेन निर्धारित समय शाम 3:26 बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंची।
यहां स्टेशन अधीक्षक नसीम अहमद, जीआरपी निरीक्षक बांके लाल, आरपीएफ निरीक्षक मिर्जा राशिद बेग, आईओडब्ल्यू सचींद्र बहादुर सिंह, रेलवे एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य मनोज कुमार यादव सहित रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पायलट व गार्ड का अभिवादन किया। शाम 3:30 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हो गई।
अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि के रूप में विश्वविख्यात है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली यह रेल पहल केवल यातायात की सुविधा नहीं, बल्कि भारत-नेपाल की साझा संस्कृति, आस्था और सदियों पुराने पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगी। बस्ती स्टेशन पर इस विशेष ट्रेन का पहुंचना जिले के लिए भी गौरवपूर्ण अवसर रहा।
यात्री बोले, दोनों देशोंं मेंं और बढ़ेगा आपसी मेलजोल
इस ऐतिहासिक रेल पहल को लेकर नेपाली यात्रियों राम बहादुर व दीपक और बस्ती के कृष्णा व राजन श्रीवास्तव ने अपनी बातें रखीं। यात्रियों का मानना है कि अयोध्या और जनकपुर को रेल मार्ग से जोड़ने की पहल धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे रामायण सर्किट से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा भी अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।