बस्ती में अमृत भारत एक्सप्रेस के होम सिग्नल से टकराने के बाद नीचे गिरा नेपाली युवक, मौके पर हुई मौत
नेपाल के 19 वर्षीय युवक की बस्ती में अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर मौत हो गई। वह मजदूरी के लिए लखनऊ जा रहा था, तभी मुंडेरवा स्टेशन के पास उसका सिर रेलवे सिग्नल से टकरा गया।

अमृत भारत एक्सप्रेस की फाइल फोटो। स्रोत- इंटरनेट
HighLights
नेपाली युवक की अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर मौत हुई।
मुंडेरवा स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल से सिर टकराया।
युवक लखनऊ मजदूरी के लिए जा रहा था।
जागरण संवाददाता, बस्ती। नेपाल से लखनऊ मजदूरी करने जा रहे 19 वर्षीय युवक की सोमवार सुबह अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर मौत हो गई। मुंडेरवा रेलवे स्टेशन से आगे पश्चिमी रेलवे क्रासिंग संख्या 189 के पास उसका सिर रेलवे के होम सिग्नल से टकराया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान नेपाल के बारा जिले के कवलपुर निवासी श्रीकांत उर्फ जयकांत शाह तेली (19), पुत्र दीनानाथ शाह तेली के रूप में हुई। वह अपने बुआ के बेटे वैद्यनाथ शाह, संतोष कुमार महतो और अन्य साथियों के साथ मजदूरी के लिए लखनऊ जा रहा था। सभी रविवार रात करीब 11 बजे बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे।
सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे ट्रेन मुंडेरवा स्टेशन से आगे क्रासिंग संख्या 189 के पास पहुंची, तभी जयकांत का सिर होम सिग्नल से टकरा गया। गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी बस्ती को खबर दी गई। जीआरपी के मौके पर नहीं पहुंचने पर मुंडेरवा थाने के उपनिरीक्षक रूदल बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे।
जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजन और साथियों से संपर्क किया। वैद्यनाथ शाह ने बताया कि वे भी उसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे और बस्ती स्टेशन पर उतरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते घटनास्थल की ओर आ रहे हैं। बाद में वैद्यनाथ और अन्य साथियों ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की। थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय ने बताया कि पुलिस ने रिश्तेदारों और साथियों से जरूरी जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई पूरी की।