स्कूल-कॉलेज व अस्पतालों के पास नहीं यहां बनेंगे वेंडिंग जोन Bareilly News
नगर निगम ने एक्ट के मुताबिक ठेला फड़ लगाने वालों को मौके पर चार वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराए जाने की बात कही।
बरेली, जेएनएन : शहर में सड़क किनारे पटरी, पटरी, फड़, ठेले आदि लगाकर जीविका चलाने वाले लोगों के पुनस्र्थापन के लिए कुछ हल निकलता दिखाई देने लगा है। नगर निगम में हुई बैठक में फिलहाल शहर के 16 स्थानों को वेंडिंग जोन के लिए चुना गया है, लेकिन भविष्य में स्थानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं, छह स्थान नॉन वेंडिंग जोन और दो स्थानों को फिलहाल प्रतीक्षा सूची में रख दिया गया है। इसके साथ ही बैठक में कई अन्य निर्णय भी लिए गए हैं।
नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता बीते बुधवार को हुई बैठक में स्ट्रीट वेंडर एक्ट पर चर्चा हुई। शहर में वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन भी चुने गए। नगर निगम ने एक्ट के मुताबिक ठेला, फड़ लगाने वालों को मौके पर चार वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराए जाने की बात कही। इसके साथ यह भी तय हुआ कि किसी भी स्कूल-कॉलेज व अस्पताल के पास वेंडिंग जोन नहीं बनाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : वेंडिंग जोन में अब दुकान नहीं सिर्फ जगह देगा नगर निगम : www.jagran.com/uttar-pradesh/bareilly-city-now-the-shop-will-not-only-place-in-the-vending-zone-municipal-corporation-bareilly-news-19454862.html
सभी ओवरब्रिज के नीचे वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों ने बताया कि शहर में सड़क किनारे ठेला, फड़, रेहड़ी लगाने वालों की संख्या करीब 6200 है, जो जनवरी 2017 में हुए सर्वे के दौरान सामने आए हैं। इनमें से अब तक सिर्फ 1200 लोगों ने ही डूडा कार्यालय में रजिस्ट्रेशन करवाए हैं। उनका बायोमीटिक पंजीयन भी हो चुका है।
वेडिंग जोन के लिए प्रस्तावित श्यामगंज पुल। जागरण
वेंडिंग जोन 16, फड़ वाले हजारों
नगर निगम ने फिलहाल शहर में 16 स्थानों पर ही वेंडिंग जोन बनाने और पहले चरण में सिर्फ पांच स्थापित करने का फैसला लिया है। शहर में हर ओर हजारों लोग सड़क, पटरी पर बैठकर अपना काम कर रहे हैं। सिर्फ 16 जोन बनने से हजारों लोगों को अपनी लिए स्थायी जगह नहीं मिल पाएगी। हालांकि नगर निगम के अधिकारियों ने वेंडिंग जोन बढ़ाने की बात कही है।
पास के वेंडिंग जोन में मिलेगा स्थान
डूडा में जितने भी फड़ वाले पंजीकृत होंगे उन्हें वेंडिंग जोन में जगह दी जाएगी। सड़क पर ठेला, फड़ लगाने वाले को उसके नजदीक के वेंडिंग जोन में ही स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल भूमि उपलब्ध होने के बाद किस तरह दुकानें आवंटन होंगी, इस बात पर कोई राय नहीं बन पाई है।
फैक्ट फाइल
- 6200 लोगों को शहर में 2017 में हुए सर्वे के दौरान किया गया चिह्नित
- 1200 वेंडरों ने ही अब तक डूडा कार्यालय में कराया है पंजीकरण
- 16 स्थान फिलहाल तय किए, आगे और चिह्नित होंगे वेंडिंग जोन
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप