क्रिकेटर बनने का सपना टूटा तो बदला रास्ता, UPCA अंपायरिंग पैनल में चुने गए बरेली के फैजान
नवाबगंज, बरेली के मोहम्मद फैजान का यूपीसीए अंपायरिंग पैनल में चयन हुआ है। क्रिकेटर बनने का सपना पूरा न होने ...और पढ़ें

मो. फैजान। सौ. स्वयं
HighLights
लिखित, प्रायोगिक व वायबा में हुए सफल, अब अगले वर्ष करेंगे अंपायरिंग
जागरण संवाददाता, बरेली। क्रिकेट में करियर बनाने का सपना देखने वाले नवाबगंज के मो. फैजान ने परिस्थितियों के अनुसार अपनी राह बदलते हुए सफलता हासिल की है। खिलाड़ी बनने की उम्र निकलने के बाद उन्होंने स्कोरिंग और फिर अंपायरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का फैसला किया।
इसके लिए लगातार तैयारी की। अब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के अंपायरिंग पैनल में उनका चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर बधाइयां मिल रही हैं।
बरेली के नवाबगंज के गांधी टोला निवासी 28 वर्षीय मो. फैजान ने बताया कि उनके पिता शकील किराना स्टोर चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में एक फैजान बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित रहे हैं।
उन्होंने वर्ष 2020 में बरेली कालेज से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ बीएससी उत्तीर्ण की। वर्तमान में वह आइटी मद्रास से डाटा साइंस का चार वर्षीय कोर्स कर रहे हैं। इसका अंतिम वर्ष चल रहा है।
फैजान ने बताया कि डाटा साइंस का उपयोग क्रिकेट की स्कोरिंग में भी होता है। इसी उद्देश्य से उन्होंने इस विषय को चुना था। इसके बाद अंपायरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का विचार आया।
इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा दी। अगस्त में कानपुर में आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल हुए। इसके बाद सितंबर में प्रैक्टिकल और वाइवा दिया।
अब परिणाम आने पर यूपीसीए के अंपायरिंग पैनल में उनका चयन हो गया है। कहा कि कड़ी मेहनत व अभ्यास के बाद उनका चयन हुआ है, अब लोग फोन कर बधाई दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अंपायरिंग के लिए अभ्यर्थी की उम्र 18 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम होनी चाहिए। चयन के लिए निर्धारित परीक्षा उत्तीर्ण करनी होती है। उन्होंने कहा कि वह अंपायरिंग के क्षेत्र में बीसीसीआइ तक जाना चाहते हैं।
बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव कर्नल सीताराम सक्सेना ने कहा कि फैजान का चयन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। आगामी बोर्ड ट्राफी के मुकाबलों में वह अंपायरिंग करते नजर आएंगे।
वरिष्ठ सचिव ओपी कोहली के मार्गदर्शन में उन्होंने तैयारी की। फैजान की सफलता पर राजन मनोहर, राहुल कपूर, चंचल उपाध्याय, मो. यूसुफ, मो. चमन, क्रिकेट कोच नितेश भारद्वाज, अनुज शर्मा और नाजिम अली सहित अन्य लोगों ने बधाई दी।
यह भी पढ़ें- काजू कतली से लेकर रस्सी बम तक... दिवाली पर बरेली के बाजारों में आई ‘मिठाई और पटाखों’ वाली मोमबत्तियां!