काजू कतली से लेकर रस्सी बम तक... दिवाली पर बरेली के बाजारों में आई ‘मिठाई और पटाखों’ वाली मोमबत्तियां!
दीपावली पर बरेली के बाजारों में सामान्य मोमबत्तियों के साथ आकर्षक डिजाइनर मोमबत्तियां खूब बिक रही हैं। मिठाई, पटाखे और ...और पढ़ें

बरेली के सिविल लाइंस स्थित दुकान पर पर मिठाइयों के डिजाइन वाली मोमबत्तीयों से तैयार छप्पन भोग थाली। जागरण
HighLights
सामान्य मोमबत्तियों के साथ बाजार में आए आकर्षक डिजाइन
जागरण संवाददाता, बरेली। दीपावली पर घरों को रोशन करने के लिए लोग दीयों के साथ मोमबत्तियां भी खूब खरीद रहे हैं। इस बार बाजार में सामान्य मोमबत्तियों के अलावा फूल, मिठाई, पटाखे और अन्य आकर्षक आकारों में डिजाइनर मोमबत्तियां उपलब्ध हैं। अलग-अलग रंग, आकार और खुशबू वाली मोमबत्तियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। ग्राहक पसंद और बजट के अनुसार इनकी खरीदारी कर रहे हैं।
बाजार में सामान्य मोमबत्तियों की कीमत करीब 240 रुपये प्रति किलो है। वहीं, डिजाइनर मोमबत्तियों के दाम उनके आकार और बनावट के अनुसार अलग-अलग हैं। पुराना रोडवेज स्थित बाजार में मिठाइयों के आकार वाली मोमबत्तियां लोगों को खासतौर पर पसंद आ रही हैं।
यहां मिठाई के डिब्बे की तरह पैक मोमबत्तियां 400 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही हैं। इनमें लड्डू, सोनपापड़ी, बर्फी और गुलाब जामुन के अलग-अलग सेट तैयार किए गए हैं।

सिविल लाइंस में प्रसाद टाकरी के सामने कारोबारी आरआर देवल ने बताया कि उनके पास विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के आकार वाली मोमबत्तियां उपलब्ध हैं।
इनमें गुजिया, रसमलाई, घेवर, बालूशाही, इमरती, रस्सी बम और छप्पन भोग जैसे डिजाइन शामिल हैं। इन्हें खासतौर पर दीपावली के लिए तैयार कराया गया है। लोग इन्हें अपने घरों को सजाने और उपहार देने के लिए भी पसंद कर रहे हैं।
मोमबत्ती कारोबार का विस्तृत बाजार
शहर के सिविल लाइंस, श्यामगंज, कुतुबखाना और बड़ा बाजार सहित कई बाजारों में मोमबत्तियों की दुकानें सजी हुई हैं। वहीं श्यामगंज स्थित रैली गोदाम में मोमबत्तियों का थोक कारोबार होता है।
यहां कई दुकानें एक साथ संचालित हैं। थोक कारोबारी चंद्र प्रकाश ने बताया कि उनके यहां पांच रुपये से लेकर 500 रुपये तक की मोमबत्तियां उपलब्ध हैं।
अलग-अलग डिजाइन और आकार के कारण ग्राहक इन्हें पसंद कर रहे हैं। थोक कारोबारी गीता अरोड़ा ने बताया कि इन दिनों सुगंधित मोमबत्तियों की मांग भी बढ़ी है। इन्हें जलाने पर रोशनी के साथ खुशबू भी फैलती है।
200 रुपये में चार मोमबत्तियों का डिजाइनर सेट उपलब्ध है। इसके अलावा 25 से 250 रुपये तक की मोमबत्तियां विभिन्न आकारों में मिल रही हैं। 250 रुपये की कलश मोमबत्ती चार के सेट में उपलब्ध है।
मोमबत्ती निर्माता कारोबारी मनोज अग्रवाल ने बताया कि वह सफेद मोमबत्तियां 195 रुपये प्रति किलो और रंगीन मोमबत्तियां 220 रुपये प्रति किलो के थोक भाव से बेच रहे हैं। दीपावली को देखते हुए सामान्य और डिजाइनर दोनों तरह की मोमबत्तियों की मांग बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।