विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Politics: गुटबाजी से बचने के लिए कांग्रेस ने चला मास्टरस्ट्रोक! विधानसभा चुनाव में पुराने चेहरों पर ही जताया भरोसा

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:49 PM (IST)

कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति तय की है, जिसमें पुराने जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों को ही ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. प्रदेश नेतृत्व के भरोसा जताने के बाद जिले से ब्लाक स्तर के संगठन में बदलाव की तैयारी

  2. सपा से गठबंधन में सीटों की दावेदारी मजबूत करने की भी होगी परीक्षा

जागरण संवाददाता, बरेली। विधानसभा चुनाव-2027 के सियासी रण को लेकर कांग्रेस ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। चुनाव से ठीक पहले संगठन में बदलाव को लेकर कयास पर शुक्रवार को विराम लग गया। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में संगठन में नए नेतृत्व के बजाय मौजूदा जिला और महानगर अध्यक्षों को ही दोबारा जिम्मेदारी सौंपने का फैसला लिया गया है।

जिसे पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। लखनऊ में संगठन संवाद संकल्प कार्यशाला में बरेली के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशफाक सकलैनी और महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा के अगुआई में ही विधानसभा चुनाव लड़ने की सहमति जताई गई।

विधानसभा चुनाव तक पार्टी की कमान मिलने के तुरंत बाद जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने संगठन की नई रूपरेखा बनानी शुरू कर दी। कहा कि एक माह तक संगठन सृजन अभियान के जरिए ब्लाॅक, तहसील और जिला स्तर पर निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में सभी जिले के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

पार्टी ने चुनाव से ठीक पहले जिलों में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रहे कयास को खत्म करने की बात कही। कहा कि सभी वर्तमान जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष विधानसभा चुनाव तक बने रहेंगे।

राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो नए जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के निर्णय पर पार्टी के अंदर गुटबाजी और अलग-अलग धड़ों में असंतोष की भावना सामने आती। इससे बचने के लिए पार्टी ने निवर्तमान जिला व महानगर अध्यक्ष को बरकरार रखने का निर्णय लिया है।

सपा से गठबंधन में दावेदारी की भी परीक्षा

कांग्रेस की चुनावी रणनीति का सबसे अहम पहलू समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन है। विधानसभा- 2027 के चुनाव में दोनों दलों के बीच गठबंधन की स्थिति और सीटों का बंटवारा अभी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में कांग्रेस सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने की तैयारी करने की बात कह रही है।

इसका राजनीतिक उद्देश्य केवल अपने प्रत्याशियों के लिए जमीन तैयार करने के साथ गठबंधन की स्थिति में भी अपनी संगठनात्मक उपयोगिता साबित करना कहा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष-2022 में कांग्रेस ने जिले के सभी नौ सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारे थे।

पुराने चेहरों के सामने प्रदर्शन साबित करने की चुनौती

जिला और महानगर अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी देने के फैसले से बरेली में संगठनात्मक नेतृत्व की तस्वीर फिलहाल स्पष्ट हो गई है। अब अशफाक सकलैनी और दिनेश दद्दा के सामने पार्टी के परंपरागत वोट बैंक को फिर जोड़ने, दूसरे दलों से नाराज नेताओं को अपने पाले में लाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने की चुनौती होगी। साथ ही भाजपा के विरुद्ध स्थानीय मुद्दों को लेकर भी मुखरित होना पड़ेगा।

 

प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में वार रूम, विधिक विभाग, मीडिया और इंटरनेट मीडिया की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने वर्तमान जिला व महानगर अध्यक्ष के अगुआई में ही आगामी विधानसभा चुनाव में जाने की बात कही गई है। शीर्ष नेतृत्व से भरोसा मिलने के बाद अब जिले में एक माह तक संगठन सृजन अभियान चलाकर निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर कर नए ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा।

- मिर्जा अशफाक सकलैनी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस


यह भी पढ़ें- बरेली में बदला मौसम का मिजाज: घने कोहरे से थमी रफ्तार, 15.7 डिग्री पर पहुंचा पारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।