UP Board 2027: छात्रों के पास शैक्षिक विवरण सुधारने का अंतिम मौका, 12 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
यूपी बोर्ड ने 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को शैक्षिक विवरणों में सुधार का अंतिम मौका दिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
2027 की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए विवरण सुधार।
ऑनलाइन संशोधन 2 से 12 नवंबर मध्यरात्रि तक संभव।
जन्मदिन, पूर्ण नाम जैसे बदलावों को ऑफलाइन आवेदन।
जागरण संवाददाता, बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरणों में त्रुटि सुधारने का अंतिम अवसर दिया गया है। परिषद की वेबसाइट दो से 12 नवंबर की मध्यरात्रि तक संशोधन के लिए खुली रहेगी।
क्षेत्रीय बोर्ड सचिव रेखा दिवाकर के अनुसार प्रधानाचार्य पोर्टल पर लागइन कर विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, विषय, वर्ग, लिंग, जाति, हिंदी या अंग्रेजी माध्यम और फोटो में संशोधन कर सकेंगे। कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक को भी सुधारा जा सकेगा।
जन्मतिथि, विद्यार्थी अथवा माता-पिता के पूर्ण नाम में संशोधन और विवरण डिलीट या रीस्टोर कराने के लिए आफलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए सभी जरूरी अभिलेखों के साथ प्रधानाचार्य 16 नवंबर तक डीआइओएस कार्यालय में प्रकरण प्रस्तुत कर सकेंगे।
निर्धारित समयसीमा के बाद संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा। परिषद ने सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों के अभिलेखों की जांच कर समय से त्रुटियां दूर कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- UP Board Exam 2027 : यूपी बोर्ड ने परीक्षार्थियों को शैक्षिक विवरण में संशोधन का मौका दिया, समय सीमा घोषित