बरेली: राज बनकर मुस्लिम युवक ने हिंदू महिला को फंसाया, मतांतरण नहीं करने पर टुकड़े कर फ्रिज में भरने की धमकी
महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसे और उसके बच्चे को अपनाने के लिए मुस्लिम बनने की धमकी दी गई थी।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बरेली। नौकरी के नाम हिंदू महिला को मुस्लिम युवक ने राज गुप्ता बनकर फंसा लिया। दोस्ती करने से पहले उसने कलवा पहना, तिलक लगाया और मंदिर भी गया। आरोपित ने महिला को एक अच्छी कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और कार से रामपुर ले गया। वहां दुष्कर्म किया और जब वह गर्भवती हो गई तो शादी का झांसा देकर गर्भपात का प्रयास किया।
जब महिला नहीं मानी तो उसने एक मंदिर में हिंदू धर्म के अनुसार विवाह कर लिया। विवाह के बाद पता चला कि वह मुस्लिम हैं, क्योंकि उसने मतांतरण करने पर ही अपनाने की धमकी दी। आरोपित के बड़े भाई ने धमकाया कि वह इसी तरह से हिंदू लड़कियों को फंसाते हैं। मामले में महिला ने पुलिस से शिकायत की है।
सीबीगंज निवासी महिला का आरोप, राज गुप्ता बनकर की दोस्ती
सीबीगंज थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करती थी। वहां एक मंदिर में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। उसने अपना नाम राज गुप्ता बताया। इसके कुछ दिनों बाद महिला की नौकरी छूट गई तो आरोपित राज गुप्ता ने हमदर्दी दर्शाकर उससे नजदीकियां बनाई और गुरुग्राम में दूसरी नौकरी दिलवाने का वादा किया। साथ ही कहा कि वह उससे शादी करेगा।
आरोप है कि इसके बाद वह, अपनी कार से उसे गुरुग्राम को लेकर गया। रामपुर में आरोपित ने महिला संग कार में संबंध बनाए जिससे वह गर्भवती हो गई।
नौकरी के बहाने बुलाया, गर्भवती होने के पर मंदिर में की शादी
आरोप है कि यह बात जब महिला ने आरोपित को बताई तो उसने पहले गर्भपात का प्रयास किया जब वह नहीं मानी तो उसने मंदिर में झूठी शादी कर ली। अपनी शादी के फोटो महिला ने इंटरनेट मीडिया पर शेयर किए तो आरोपित के बड़े भाई ने दोनों को अपने गाजियाबाद स्थित फ्लैट पर बुलाया और कहा कि, इस शादी को भूल जाए, क्योंकि यह कोई शादी नहीं बल्कि एक खेल था जो वह अक्सर हिंदू लड़कियों के साथ खेलते हैं।
मतांतरण नहीं करने पर दी टुकड़े कर फ्रिज में भरने की धमकी
आरोप है कि इसके बाद आरोपित के बड़े भाई ने भी दुष्कर्म किया। साथ ही धमकाया कि अगर किसी को इस बारे में कुछ भी बताया तो वह उसकी हत्या कर देंगे। इसके बाद जब महिला ने पिछले वर्ष फरवरी में बेटी को जन्म दिया तो आरोपित के परिवार वालों ने धमकाया कि वह उस बच्चे को अपना लेंगे मगर इसके लिए उन्हें मतांतरण कर मुस्लिम बनना होगा। इस शर्त पर महिला नहीं मानी और अपने मायके चली आई।
यह भी पढ़ें- सड़क हादसे में घायलों को 1.5 लाख तक मुफ्त कैशलेस इलाज: बीमा हो या न हो, इलाज का खर्च उठाएगी सरकार
यह भी पढ़ें- 25 मई से मिलेगा जून महीने का मुफ्त राशन, बरेली में कैसा मिलेगा गेहूं-चावल; समझिए पूरी जानकारी
पुलिस को दिया शिकायती पत्र
आरोप है कि इसके बाद दोनों के बीच समझौते के कई प्रयास हुए मगर आरोपित नहीं माने। मामले में अब महिला ने आरोपितों के विरुद्ध पुलिस से शिकायत की है। पुलिस का कहना हैं कि शिकायती पत्र के आधार पर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
