सावधान! कहीं सुरक्षा नहीं; अगर ट्रेन के AC और आरक्षित कोच में सो रहे हैं आप, तब भी गायब हो सकता है आपका कीमती सामान
ट्रेनों में मोबाइल, नकदी और ज्वेलरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, खासकर एसी और आरक्षित कोचों में जहां ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
एसी कोच में रात के समय सोने का फायदा उठाते हैं चोर, कई बार अटेंडेंट भी माल कर देते हैं पार
जागरण संवाददाता, बरेली। ट्रेनों में मोबाइल, नकदी व ज्वेलरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। लखनऊ में आनंद विहार से जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन के एसी वन कोच से महिला का ज्वेलरी से भरा बैग चोरी हो गया। महिला ने एसी कोच भी सुरक्षित न होने का सवाल उठाया है, जिससे अन्य ट्रेनों और उनके आरक्षित कोचों में सुरक्षित यात्रा को लेकर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। बरेली जंक्शन जीआरपी में भी इस वर्ष ट्रेनों और प्लेटफार्म पर सामान चोरी के 64 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
ट्रेनों में यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ का स्टाफ चलता है। यह स्टाफ अधिकांश एसी व अन्य आरक्षित कोच में ही नजर रखते हैं।
बरेली से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में जीआरपी व आरपीएफ का स्टाफ अलग-अलग स्टेशनों से चलता है। बरेली से भी कुछ ट्रेनों में स्टाफ जाता है। इसके अलावा कुछ एसी कोच में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।
ट्रेनों में यात्रा के दौरान रात के समय यात्री सो जाते हैं। इसी समय चोर फायदा उठाते हैं। चोर रास्ते में किसी स्टेशन पर चढ़ जाते हैं या फिर पहले से ही ट्रेन के अन्य कोच में सवार होते हैं।
वह सोते समय बैग उठाकर कोच से चले जाते हैं और फिर अगले स्टेशन पर उतर जाते हैं। जब यात्री की नींद खुलती है, तब उसे पता चलता है, तब तक काफी देर हो चुकी होती है।
प्राथमिकी के बाद चोर पकड़ना मुश्किल काम
ट्रेनों के अंदर चोरी के बाद चोरों को पकड़ना मुश्किल काम होता है। जिस जगह यात्री की नींद खुलती है तो वह अगले स्टेशन पर जाकर सूचना देता है। ऐसे में प्राथमिकी भी उसी स्टेशन के जीआरपी थाने में दर्ज की जाती है।
कई बार यात्री अपनी यात्रा पूरी कर चुका होता है तो उस जगह सूचना देता है। ऐसे में पुलिस शून्य प्राथमिकी दर्ज करती है और संबंधित क्षेत्र को भेजती है। इस मामले में कई बार स्थान चिह्नित न होने पर प्राथमिकी इधर-उधर भटकती है।
इसमें कई बार एक से दो महीने तक लग जाते हैं। इसके बाद मामले की जांच शुरू होती है तब तक काफी देर हो जाती है। बरेली जीआरपी की ओर से 78 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें चोरों के साथ तमंचे, चाकू व अन्य मामले के हैं।
कोच अटेंडेंट भी पकड़े जा चुके
ट्रेनों में कई बार कोच अटेंडेंट व अन्य स्टाफ भी यात्रियों का सामान पार कर देते हैं। 17 सितंबर को चंदौसी से बरेली के बीच एक यात्री की चेन चोरी हो गई थी।
इस मामले में यात्री ने शक के आधार पर एक कोच अडेंटेंड को पकड़ा था। इसके बाद शेखर, गजब सिंह और अनिल कश्यप को गिरफ्तार किया गया था। इस तरह से पहले भी मामले सामने आ चुके हैं।
यह भी पढ़ें- गृह मंत्रालय का बरेली पुलिस से संपर्क, चैटिंग एप से बचाव को करेगी जागरूक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।