विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री की बर्खास्तगी तय! जांच में दोषी पाए जाने के बाद अब इस नए रूप में देंगे सरकार को चुनौती

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:35 PM (GMT+05:30)

निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री मंडलायुक्त की जांच में दोषी पाए गए हैं, जिसके बाद उनकी बर्खास्तगी तय मानी जा रही है। यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा बनाकर राजनीति में कदम रखा और 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं।

अलंकार अग्निहोत्री

अलंकार अग्निहोत्री

HighLights

  1. यूजीसी के विरोध में 26 जनवरी को नगर मजिस्ट्रेट पद से दिया था इस्तीफा

  2. सरकार के विरुद्ध राजनीति में उतरे अलंकार, 40 सीटों पर बांट चुके टिकट

जागरण संवाददाता, बरेली। यूजीसी के विरोध में पद से इस्तीफा देने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राजनीतिक संगठन बनाकर अब राजनीतिक बन चुके हैं। निलंबन से पहले ही उन्होंने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। वह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के 40 उम्मीदवारों के नाम भी घोषित कर चुके हैं।

शासन के आदेश पर मंडलायुक्त ने जांच की थी, जिसमें वह दोषी पाए गए हैं। मंडलायुक्त ने जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी है, अब उनकी बर्खास्तगी तय मानी जा रही है।

दस महीने पहले जब गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा था, 26 जनवरी के दिन अलंकार अग्निहोत्री ने पद से इस्तीफा देकर खलबली मचा दी थी। त्यागपत्र और मीडिया को दिए बयानों में राज्य और केंद्र सरकार को कारपोरेट कंपनी, ब्राह्मण विरोधी ही नहीं बताया था अंग्रेजों की फूट डालो राज करो नीति से तुलना तक कर दी थी।

जिलाधिकारी ने अपने आवास पर बुलाकर उन्हें समझाने का प्रयास किया था, लेकिन उन पर कोई असर नहीं हुआ। यहां तक कि जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए थे।

बाद में उन्होंने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राजनीतिक संगठन बनाकर जिलावार पदाधिकारी बनाने शुरू कर दिए थे। कुछ दिनों पहले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित करने शुरू कर दिए हैं। शासन स्तर से मंडलायुक्त को जांच सौंपी गई थी।

मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने शासन को भेजी जांच रिपोर्ट में अलंकार अग्निहोत्री को प्रशासनिक पद पर रहते हुए सरकार के विरुद्ध सार्वजनिक वक्तव्य देने, वर्ग विशेष के संदर्भ में सरकार की नीतियों के विरुद्ध टिप्पणी करने और इस्तीफा मंजूर होने का इंतजार किए बिना भीड़ एकत्रित कर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन का दोषी माना है।

सुनवाई के दौरान अग्निहोत्री ने अपने बचाव में सभी आरोपों को निराधार बताकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला दिया। यूजीसी रेगुलेशन 2026 और प्रयागराज मेला प्रकरण का हवाला देकर अपने बयानों का बचाव भी किया था।

जांच में दोष सिद्ध होने के बाद अब इनकी बर्खास्तगी आदेश जारी होने का इंतजार है। हालांकि इनकी बर्खास्तगी कोई मायने नहीं रखती, क्योंकि खुद इस्तीफा देने के बाद समर्थकों के साथ विचार-विमर्श कर राजनीति में कदम बढ़ाया है। वह खुद को बर्खास्त करने की मांग भी दोहरा चुके हैं। सरकार को कहां कितना नुकसान कर पाएंगे यह तो वक्त ही बताएगा।

यह भी पढ़ें- देव दीपावली पर बरेली के धोपेश्वरनाथ मंदिर में दिखा काशी जैसा अलौकिक दृश्य, सरोवर किनारे जले 11 हजार दीप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।