देव दीपावली पर बरेली के धोपेश्वरनाथ मंदिर में दिखा काशी जैसा अलौकिक दृश्य, सरोवर किनारे जले 11 हजार दीप
दैनिक जागरण द्वारा आयोजित देव दीपावली पर बरेली के धोपेश्वरनाथ मंदिर में 11 हजार दीप जलाए गए। सरोवर किनारे जलते दीपों का प्रतिबिंब पानी में झिलमिलाया, जिससे काशी जैसा अलौकिक दृश्य उत्पन्न हुआ।

दैनिक जागरण की ओर से देव दीपावली के अवसर पर श्री धोपेश्वरनाथ मंदिर स्थित सरोवर में हुआ दीपदान। जागरण
HighLights
सरोवर के किनारे कतारबद्ध जलते दीपों का पानी में झिलमिलाया प्रतिबिंब
दैनिक जागरण के दीपोत्सव में 11 हजार दीप जलाकर समृद्धि की कामना
जागरण संवाददाता, बरेली। देव दीपावली पर मंगलवार की शाम जले आस्था के दीपों से बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर का परिसर जगमगा उठा। सरोवर के किनारे कतारबद्ध जलते दीपों का प्रतिबिंब पानी में झिलमिलाया तो श्रद्धालु इस मनोरम दृश्य को निहारते रह गए। दैनिक जागरण की ओर से आयोजित किए गए दीपोत्सव में 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित हुए तो मंदिर परिसर के सरोवर पर काशी जैसा अलौकिक दृश्य उभर आया।
मंदिर की घंटियों के साथ बच्चों की टोली ने लय में डमरू बजाया तो हर-हर महादेव की ध्वनि से माहौल शिवमय हो उठा। अधिकारियों, उद्यमियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने दीप दान कर लोक कल्याण और सुख समृद्धि की कामना की।

सामाजिक सरोकार से जुड़े दैनिक जागरण के इस विशेष आयोजन में दीपों की रोशनी केवल मंदिर परिसर को ही आलोकित नहीं कर रही थी, बल्कि सनातन परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का संदेश भी दे रही थी।

सरोवर के जल में झिलमिलाते हजारों दीप, मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण और शिवभक्ति में सराबोर श्रद्धालु इस शाम को यादगार बना गए। मुख्य अतिथि सीईओ छावनी परिषद डाॅ. तनु जैन और विशिष्ट अतिथि बीएल एग्रो के निदेशक घनश्याम खंडेवाल समेत आइएमए, व्यापार मंडल, मंदिर कमेटी, सामाजिक संगठनों के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।

डाॅ. तनु जैन ने देव दीपावली पर हुए आयोजन को अद्भुत बताते हुए कहा कि धोपेश्वरनाथ मंदिर के सरोवर का हाल में सुंदरीकरण कराया गया है, इसे और आकर्षक बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
-1795542982356.webp)
लोक कल्याण के लिए दैनिक जागरण की ओर से किए गए आयोजन की जितनी सराहना की जाए कम है। घनश्याम खंडेलवाल ने दैनिक जागरण की ओर से आयोजित किए गए दीपोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बढ़ता है।
-1795542953644.webp)
दैनिक जागरण के समाचार संपादक पवन तिवारी ने अतिथियों का स्वागत और दैनिक जागरण के महाप्रबंधक डाॅ. मुदित चतुर्वेदी ने आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।