पति से विवाद के बाद मुश्किल में उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या, बरेली में बना 5 एकड़ का फार्म हाउस निकला अवैध
उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या का बरेली स्थित पांच एकड़ का फार्म हाउस अवैध पाया गया है, जिसका मानचित्र स्वीकृत ...और पढ़ें

बरेली में बना रेखा आर्या का फार्म हाउस
HighLights
बरेली में पांच एकड़ भूमि में बिना मानचित्र स्वीकृति कराया गया था निर्माण
वर्ष 2024 में शमनित मानचित्र के लिए प्राधिकरण में दिया गया था आवेदन
जागरण संवाददाता, बरेली। पप्पू गिरधारी के भतीजे सतेंद्र राठौर व उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या की कंपनी के नाम से बना फार्म हाउस गुरुवार को जांच में अवैध पाया गया। इसका मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसे वैध करने के लिए वर्ष 2024 में शमनित मानचित्र (कंपाउंडिंग) का आवेदन किया गया, जो अब तक लंबित है।
रेखा आर्या से विवाद के बाद उनके पति पप्पू गिरधारी की संपत्तियों की चर्चा उठी। इस पर बुधवार को प्राधिकरण की टीम पप्पू गिरधारी के नाम से फाइलें खंगालती रही, मगर किसी परिणाम तक नहीं पहुंची थी। अब स्थिति स्पष्ट हो सकी।
जोगी नवादा निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी कई वर्ष पहले उत्तराखंड चला गया। बाद में रेखा आर्या से शादी कर ली। इस बीच वह बरेली व उत्तराखंड में रियल एस्टेट का काम करता रहा।
15 अक्टूबर को उत्तराखंड की बाल विकास एवं महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या ने पति पप्पू गिरधारी पर उत्पीड़न की प्राथमिकी लिखाई थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी तो बरेली-सीतापुर हाईवे के लालपुर गांव में बना फार्म हाउस भी चर्चा में आया।
बरेली प्रवास के दौरान रेखा आर्या इसी में रुकती थीं। बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, फार्म हाउस मैसर्स कृष्णा-वैष्णवी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से बनवाया गया था।
वर्ष 2024 में कंपनी की डायरेक्टर सतेंद्र राठौर एवं रेखा आर्य की ओर से 12 हजार वर्गमीटर निर्माण का संशोधित शमनित मानचित्र (कंपाउंडिंग) का आवेदन किया गया।
उसमें कमियां पाई जाने पर उन्हें दूर करने एवं नए बिल्डिंग बायलाज के अनुसार दोबारा आवेदन करने को कहा गया था। वर्ष 2025 में नये सिरे से कंपाउंडिंग अर्जी डाली गई, जिस पर अभियंता जांच कर रहे।
बताया जाता है कि पप्पू गिरधारी अपना रियल एस्टेट का काम मैसर्स कृष्णा-वैष्णवी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जरिये ही करता है। वह पर्दे के पीछे रहता, जबकि डायरेक्टर के तौर पर भतीजे सतेंद्र व पत्नी रेखा आर्या का नाम दर्ज कराया था।
फरवरी में रेखा आर्या कंपनी के डायरेक्टर पद से हट गईं। 16-17 अक्टूबर को पप्पू गिरधारी ने वीडियो प्रसारित कर इसका उल्लेख किया था। उसका आरोप था कि रेखा आर्या कंपनी में 110 करोड़ रुपये के शेयर रखती थीं।
चुनाव करीब आता देख उन्होंने कंपनी से दूरी बना ली। इसके बाद कह दिया कि उनके फर्जी हस्ताक्षर के जरिये कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दर्शा दिया गया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति के फार्महाउस पर बीडीए का शिकंजा, फाइलों से खुला बड़ा राज
