उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति के फार्महाउस पर बीडीए का शिकंजा, फाइलों से खुला बड़ा राज
बरेली विकास प्राधिकरण ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के फार्महाउस की जांच शुरू की ...और पढ़ें

पप्पू गिरधारी ने लालपुर में बनवाया आलीशान फार्म हाउस।
HighLights
पत्नी एवं उत्तराखंड की मंत्री से विवाद के बाद चर्चा में आया था फार्महाउस
जागरण संवाददाता, बरेली। उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के उत्पीड़न के आरोपित पति गिरधारी लाल साहू की संपत्तियों की जांच भी शुरू हो गई। बुधवार को बरेली विकास प्राधिकरण ने उसके पांच एकड़ भूमि पर बने फार्म हाउस की फाइल निकलवाई। आरंभिक जांच में पता चला कि फार्म हाउस का नक्शा पास कराया गया था। अन्य अनापत्ति प्रमाणपत्र भी लिए गए थे।
अब प्राधिकरण की टीम भौतिक सत्यापन कर सकती है। इसके जरिये पता किया जाएगा कि फार्म हाउस का निर्माण मानचित्र के अनुरूप हुआ या नहीं। छह महीने से उसके मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है, क्योंकि 80 प्रतिशत निर्माण के बाद काम बंद है।
जोगी नवादा निवासी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी कई वर्ष पहले उत्तराखंड चला गया था। वहां रेखा आर्या से शादी की, जो वर्तमान में बाल विकास एवं महिला सशक्तीकरण मंत्री हैं।
15 अक्टूबर को रेखा आर्या ने देहरादून में उसके विरुद्ध उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कराई, तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके बाद से बरेली-सीतापुर हाईवे पर लालपुर के पास उसका फार्म हाउस चर्चा में आया।
इस परिसर के अंदर तीन मंजिल की कोठी, गेस्ट हाउस, स्वीमिंग पूल आदि बना हुआ है। बरेली प्रवास के दौरान रेखा आर्या यहां रुकती थीं, मगर कुछ समय से दूरी बना ली। छह महीने पहले फार्म हाउस का शेष 20 प्रतिशत निर्माण कार्य भी पप्पू गिरधारी ने बंद कर दिया था।
माना जा रहा कि पप्पू गिरधारी व रेखा आर्या के बीच अंदरखाने चल रही तनातनी के कारण काम बंद कराया गया था। रेखा आर्या पप्पू गिरधारी की पूर्व मैनेजर कल्पना के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा चुकीं।
जून में पप्पू गिरधारी ने भी पूर्व मैनेजर पर केस कराया था, मगर बात नहीं बनी। पूर्व मैनेजर के कारण पति-पत्नी के बीच दूरी ज्यादा हो चुकी थी। 15 अक्टूबर को मंत्री रेखा आर्या ने पति पप्पू गिरधारी पर प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद आडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था।उसमें पप्पू गिरधारी व पूर्व मैनेजर कल्पना की आवाज होने का दावा किया गया। (दैनिक जागरण इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।)
पति-पत्नी के बीच गहरे होते जा रहे विवाद का प्रमाण पप्पू गिरधारी के जवाबी आडियो में भी आया था। उसने कहा था कि रेखा आर्या आठ महीने पहले उसकी रियल एस्टेट कंपनी से इस्तीफा दे चुकीं।
यानी, फरवरी में ही रेखा ने खुद को अलग कर लिया था। इस पर पप्पू गिरधारी ने पलटवार किया था कि रेखा चुनाव की चिंता में रियल एस्टेट कंपनी से दूर हुईं। उनके 110 करोड़ रुपये लगे हुए थे। इतनी रकम का हिसाब कैसे दे पातीं, इसलिए अलग हुईं।
