पति से अनबन के बाद रुका मंत्री रेखा आर्या के 5 एकड़ में बन रहे आलीशान फार्म हाउस का काम, 6 माह से निर्माण ठप
उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी के बीच दो साल से चल रही अनबन अब सामने ...और पढ़ें

पप्पू गिरधारी ने लालपुर में बनवाई आलीशान फार्महाउस
HighLights
पति से अनबन शुरू होने के बाद से हल्का पड़ा काम, छह माह से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप
जागरण संवाददाता, बरेली। उत्तराखंड की बाल विकास एवं महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या का पति पप्पू गिरधारी से विवाद अब सामने आया, मगर अंदरखाने दो वर्ष से तनातनी चल रही थी। मंत्री की शहर से दूरियां बनाने का कारण भी यही माना जा रहा है।
वही, तनातनी बढ़ने के बाद से ही बड़ा बाइपास के पास स्थित लालपुर में पांच एकड़ में बन रहे आलीशान फार्म हाउस का काम धीमा हो गया। पप्पू गिरधारी ने छह माह पूर्व इसे पूरी तरह बंद कर दिया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का शहर में भी अक्सर आना बना रहता था। वह जोगी नवादा स्थित वनखंडीनाथ मंदिर में होने वाले आयोजनों में अक्सर शामिल हुआ करती थीं। यहीं आवास पर रुकती भी थीं।
पप्पू गिरधारी जिले में लंबे समय से रियल एस्टेट का काम कर रहा है। पांच साल पहले बरेली-सीतापुर हाईवे पर बड़ा बाइपास के पास लालपुर गांव में करीब पांच एकड़ भूमि पर आलीशान फार्म हाउस का निर्माण शुरू कराया।
बताते हैं कि यह फार्म हाउस मंत्री रेखा आर्या के लिए बनवाया गया। लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यहां विशाल परिसर में एक बेहद आलीशान कोठी खड़ी है।
सफेद खंभों, ऊंचे-ऊंचे गुंबदों और भव्य बालकनी के साथ बनी यह हवेली किसी भव्य राजमहल जैसी नजर आती है। पूरा निर्माण लाल पत्थरों और मार्बल से कराया जा रहा है।
इसके साथ ही यहां सुसज्जित एक भव्य मंदिर परिसर और एक विशाल स्विमिंग पूल भी तैयार किया गया है। इतना ही नहीं एक गेस्ट हाउस भी बनाया गया है। बताते हैं कि गेस्ट हाउस तैयार होने के बाद मंत्री शहर आने पर वही रुका करती थीं।
करीब दो साल पहले पप्पू गिरधारी और मंत्री रेखा आर्या में तनातनी होने लगी, जिसके बाद उनका शहर आना कम हो गया। इसके केंद्र में पप्पू की पूर्व मैनेजर कल्पना भी थी।
वर्ष 2024 में रेखा आर्य ने बारादरी थाने में कल्पना पर चोरी की प्राथमिकी कराई, मगर स्थानीय पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी नहीं की। इस मामले में रेखा व पप्पू के बीच खटास बढ़ती गई।
इस कारण छह माह पहले फार्म हाउस का निर्माण रोक दिया गया है। वर्तमान में मौके पर स्विमिंग पूल सूखा पड़ा है, फर्श और बाउंड्रीवाल का अधूरा काम बिखरा पड़ा है। यह आलीशान संपत्ति अब निर्माणाधीन व देखरेख न होने के कारण खराब होने लगी है।
