विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कक्षा 3 पास बरेली के इस कथावाचक के मुरीद थे मुंशी प्रेमचंद और नीम करौरी बाबा, रावलपिंडी में जुटती थी 50 हजार की भीड़

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:50 PM (IST)

पंडित राधेश्याम कथावाचक ने अपनी सरल भाषा और गायन शैली से राधेश्याम रामायण को जन-जन तक पहुंचाया, जिसकी लाखों प्रतियां बिकीं। उनके घर मुंशी प्रेमचंद और नीम करौरी बाबा जैसी हस्तियां आती थीं।

पंडित राधेश्याम कथावाचक से जुड़े संस्मरण को साझा करतीं पौत्री शारदा भार्गव। जागरण

पंडित राधेश्याम कथावाचक से जुड़े संस्मरण को साझा करतीं पौत्री शारदा भार्गव। जागरण

HighLights

  1. 25 नवंबर 1890 को हुआ था जन्म, सरल भाषा और गायन शैली ने राधेश्याम रामायण को बनाया जन-जन की आवाज

हिमांशु अग्निहोत्री, बरेली। साहित्य और रंगमंच की दुनिया में बरेली को विशिष्ट पहचान दिलाने वाले पंडित राधेश्याम कथावाचक का जन्म 25 नवंबर 1890 को बिहारीपुर मुहल्ले में हुआ था। उन्होंने अपनी लेखनी और गायन प्रतिभा से रामकथा को घर-घर तक पहुंचाया।

खड़ी बोली और लोक नाट्य के सहज मेल पर आधारित राधेश्याम रामायण ने न केवल धार्मिक आस्था को स्वर दिया, बल्कि हिंदी साहित्य और भारतीय रंगमंच को भी समृद्ध किया।

एक बार की बात है वह जब रावलपिंडी में कथा कहने पहुंचे तो करीब 50 हजार लोग उन्हें सुनने आए थे। बिना माइक के हुई कथा में श्रोता शांत और एकाग्र होकर बैठे रहे।

कथा से भावविभोर महिलाओं ने अपने आभूषण तक दान में चढ़ा दिए। लाहौर की एक सड़क पर राधेश्याम कथावाचक मार्ग का पत्थर लगे होने का उल्लेख उनके मित्र ने किया था।

कक्षा तीन तक पढ़े पंडित राधेश्याम ने 17 वर्ष की उम्र में रामायण की रचना कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया। राधेश्याम रामायण की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके जीवनकाल में ही इसकी सवा करोड़ प्रतियां प्रकाशित होने का उल्लेख मिलता है।

बाद में इसकी बिक्री दो करोड़ प्रतियों तक पहुंचने की बात कही जाती है। करीब 80 वर्ष पहले इसकी कीमत महज दो रुपये थी। सरल भाषा, प्रभावशाली संवाद और गायन शैली ने इसे अन्य रामकथा ग्रंथों से अलग पहचान दिलाई। इसकी लाखों प्रतियां उर्दू में भी प्रकाशित हुईं।

मुंशी प्रेमचंद से लेकर बाबा नीम करौरी तक आते थे घर

कथावाचक की पौत्री शारदा भार्गव बताती हैं कि उनका घर साहित्य और रंगमंच का केंद्र था। यहां नाटकों के रिहर्सल होते थे। महर्षि नारद और परिवर्तन जैसे नाटकों का मंचन हुआ।

डीएवी इंटर कालेज स्थित अनाथालय के विशाल प्रांगण में देवर्षि नारद नाटक तीन दिन तक चला और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। उनके घर मुंशी प्रेमचंद, पृथ्वीराज कपूर, नीम करौरी बाबा, पंडित मोतीलाल नेहरू, सरोजनी नायडू और करपात्री महाराज जैसी विभूतियां आईं।

करपात्री महाराज ने ही शारदा का नामकरण किया। राजनेता भैरो सिंह शेखावत ने भी उनके नाटक में अभिनय किया था। 26 अगस्त 1963 को उनका निधन हुआ, लेकिन उनकी रचनाएं आज भी बरेली की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का प्रतीक हैं।

प्रमुख नाट्य कृतियां

वीर अभिमन्यु, श्रवण कुमार, परमभक्त प्रह्लाद, परिवर्तन, श्रीकृष्ण अवतार, रुक्मिणी मंगल, मशरिकी हूर, महर्षि वाल्मीकि, देवर्षि नारद, भारत माता, सती पार्वती, भूल भुलैया आदि।

अमेरिकी प्रोफेसर ने किया शोध

अमेरिका स्थित यूनिवर्सिटी आफ नार्थ कैरोलिना की एसोसिएट प्रोफेसर पामेला लोथस्पाइच ने कथावाचक के काम पर काफी शोध किया। 1959-60 में प्रकाशित संस्करण में करीब-करीब सभी शुद्ध हिंदी के शब्दों का प्रयोग किया गया। पीलीभीत, बीसलपुर, पूरनपुर आदि स्थानीय कस्बों सहित बिहार के दरभंगा और ब्रज क्षेत्र के रामलीला कलाकार राधेश्याम रामायण से संवाद लेते हैं।

चित्रकूट महल ने किया प्रभावित

बचपन में उनके घर के पास ही चित्रकूट महल था, जहां नाटक कंपनियों के लोग आकर रुकते थे। जब वह रिहर्सल करते थे तो राग-रागिनियां उनको काफी प्रभावित करती थीं इसलिए वहां पहुंच जाते थे।

हारमोनियम बजाना और गीत गाना उन्होंने वहीं से सीखा। पिता के सानिध्य में उनकी कलाओं को विस्तार मिला। जब उनके पिता कथा कहने जाते तो वह भी साथ हो लेते। वह गीत गाते तो उनके पिता बाद में उसका अर्थ बताते।

यह भी पढ़ें- देव दीपावली पर बरेली के धोपेश्वरनाथ मंदिर में दिखा काशी जैसा अलौकिक दृश्य, सरोवर किनारे जले 11 हजार दीप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।