बरेली एयरपोर्ट पर हवा में अटकी 171 यात्रियों की सांसें! दो बार कोशिश के बाद भी नहीं उतरी फ्लाइट, दिल्ली डायवर्ट
तेज हवाओं के कारण नवी मुंबई से बरेली आ रही इंडिगो की फ्लाइट बरेली एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर पाई ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
दिल्ली से लौटकर शाम 6:47 बजे बरेली एयरपोर्ट पर हुई लैंडिंग
जागरण संवाददाता, बरेली। तेज हवा के कारण सोमवार को नवी मुंबई से बरेली आ रही इंडिगो की फ्लाइट एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। दो बार लैंडिंग का प्रयास नाकाम रहने पर विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से लौटने के बाद फ्लाइट शाम 6:47 बजे बरेली पहुंची और 7:15 बजे नवी मुंबई के लिए रवाना हुई। इस देरी से कुल 311 यात्री परेशान हुए।
नवी मुंबई से आने वाली फ्लाइट निर्धारित समय के अनुसार 12:50 बजे रवाना होकर दोपहर 3:00 बजे बरेली पहुंचती है। सोमवार को इसमें 171 यात्री सवार थे।
तेज हवा के चलते विमान बरेली एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका और दो प्रयासों के बाद उसे दिल्ली भेज दिया गया। दिल्ली से बरेली लौटने पर शाम 6:47 बजे इसकी लैंडिंग हुई।
इसके बाद सवा सात बजे 140 यात्रियों को लेकर विमान 7:15 बजे नवी मुंबई रवाना हुआ। इसकी वजह से फ्लाइट में सवार यात्रियों को परेशान होना पड़ा और बरेली से जाने वाले यात्रियों को भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
बरेली एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि तेज हवा के कारण विमान को उतरने में दिक्कत हुई। दो बार प्रयास के बाद लैंडिंग नहीं होने पर उसे दिल्ली डायवर्ट किया गया। उन्होंने बताया कि फ्लाइट करीब पौने चार घंटे की देरी से पहुंची थी।