Loksabha Election 2019: बदायूं में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा- हमारी पार्टी आतंकवादियों से नहीं करेगी इलू-इलू
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्टार प्रचारक अमित शाह ने कहा कि पुलवामा हमले पर भाजपा सरकार ने सख्त निर्णय लिया। हमारी पार्टी आतंकियों से इलू-इलू नहीं करेंगे।
जेएनएन, बदायूं : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्टार प्रचारक अमित शाह ने शनिवार को बदायूं के इस्लामिया ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कहा कि पुलवामा हमले पर मोदी सरकार ने सख्त निर्णय लिया। हमारी पार्टी आतंक से इलू-इलू नहीं करेगी। उधर से गोली आएगी तो इधर से गोला जाएगा। कश्मीर हमारा है और हमारा ही रहेगा।
भारत माता की जय के साथ संबोधन शुरू करते हुए अमित शाह ने गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में नेता कौन है यह तो कोई बता ही नहीं रहा है। अगर इनकी सरकार बनी तो यह सरकार संडे को छुटटी पर रहेगी। वहीं, अलग-अलग दिन के हिसाब से प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने लोगों से अपने चिर-परिचित अंदाज में पूछा कि क्या आप लोगों को दो पीएम मंजूर है। उन्हाेंने मायावती पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या धन पशुओं को टिकट देने से जनता का भला होगा।
अमित शाह ने बगैर नाम लिए सांसद धर्मेंद्र यादव पर निशाना साधते हुए से कहा कि यहां से मैं परिवर्तन की लहर देखना चाहता हूं। पिछली बार आपने एक ऐसा सांसद चुना जो अपने गुंडों की मदद से यहां पर लोगों को काफी परेशान कर रहा है। भाजपा को यहां से पिछली बार न जिताने के कारण आप लोग थोड़ी परेशानी जरूर महसूस कर रहे होंगे। आपने गुंडो को पालने वालो को संसद पहुंचा दिया। इस बार यहां पर परिवर्तन ही मांग है। यूपी में सपा-बसपा का गुंडाराज चलता था। पश्चिमी यूपी से लोग पलायन करते थे। आज पलायन कराने वाले पलायन कर गए हैं। एक जमाना था गुंडों से पुलिस डरती थी, आज गुंडे गले में बोर्ड लटकाकर घुमते हैं। ये काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है।
अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी घुसपैठियों को निकालना चाहती है, लेकिन सपा-बसपा और उन्हें कांग्रेस नहीं निकालना चाहते हैं क्योंकि ये उनका वोट बैंक है। हमारी सरकार बनने का बाद मुस्लिम महिलाओं के लिए ट्रिपल तलाक को खत्म कर दिया जाएगा व्यापारियों को भी 60 साल के ऊपर पेंशन योजना से लाभ दिया जाएगा। 2022 तक हर गरीब को घर दे दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास के रास्ते पर चलती है, घोषणा पत्र में मोदी जी ने कहा है कि सरकार बनती है तो 60 साल से ऊपर के किसानों को पेंशन दी जाएगी।