लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर भीषण हादसा: एथेनाल टैंकर से टकराया ट्रक, स्टेयरिंग में फंसने से जिंदा जला चालक
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एक भीषण हादसे में ट्रक की एथेनॉल टैंकर से टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। इस दुर्घटना में ट्रक चालक स्टेयरिंग में फंसकर जिंदा जल गया, जबकि हेल्पर ने कूदकर अपनी जान बचाई।

फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में टैंकर व ट्रक में लगी आग के बाद मौके पर जुटी भीड़ और गुरुवार की रात ट्रकों से उठतीं लपटें
HighLights
हेल्पर के भी लगीं चोटें, कूदकर बचाई जान, टैंकर के चालक व हेल्पर फरार
हादसे के बाद हाईवे पर थमी वाहनों की रफ्तार, साढ़े छह घंटे बाद बुझी आग
संवाद सहयोगी, फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार देर रात भीषण हादसे में ट्रक चालक (हेल्पर) की जिंदा जलकर मौत हो गई। हाईवे किनारे खड़े एथेनाल से भरे टैंकर में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। टक्कर लगने से ट्रक चालक स्टेयरिंग में फंसने से बाहर नहीं निकल सका और हेल्पर ने कूदकर जान बचाई।
वहीं टैंकर चालक और हेल्पर कूदकर मौके से भाग गए। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक हाईवे पर आग की ऊंची लपटें उठती रहीं। साढ़े छह घंटे बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। इस दौरान कई घंटे जाम भी लगा रहा।
जानकारी के मुताबिक कपड़े, जूते-चप्पल समेत अन्य सामान लदा ट्रक पानीपत से बिहार के हाजीपुर जा रहा था। ट्रक में मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र निवासी चालक वसीम अहमद के साथ हेल्पर जमाल पुत्र मोहम्मद अकरम सवार था।
ट्रक में नसीम पुत्र मोहम्मद रऊफ और नूरे मुजस्सिम पुत्र जफर हुसैन भी मौजूद थे। सभी एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं। ट्रक को हेल्पर जमाल चला रहा था। गुरुवार देर रात ट्रक संजीव गुप्ता के होटल के पास पहुंचा। इसी दौरान अचानक सामने गाय आ गई।
उसे बचाने के प्रयास में चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े एथेनाल से भरे टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद वसीम, नसीम और नूरे मुजस्सिम ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
वसीम को काफी चोट लग गई, लेकिन जमाल स्टेयरिंग में फंस गया और वह बाहर नहीं निकल सका। आग बुझने के बाद उसका शव पूरी तरह जला हुआ मिला और सिर्फ अवशेष मिले।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हेल्पर ने कूदकर अपनी जान बचाई। टैंकर के चालक और हेल्पर फरार हो गए। दोनों की तलाश की जा रही है।
आग की लपटें देखकर मची अफरा-तफरी
दोनों वाहनों से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। आसपास के ढाबों और कालोनियों में रहने वाले लोग भी दहशत में बाहर निकल आए।
हादसे के चलते हाईवे की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई घंटे तक एक ही लेन से वाहनों को गुजारा गया। सुबह 5:30 बजे दोनों लेन खोली गईं।
साढ़े छह घंटे लगे आग बुझाने में
अग्निशमन विभाग को 12.20 बजे आग लगने की सूचना मिली तो मौके पर सबसे पहले फरीदपुर से एक फायर टेंडर को भेजा गया। इसके साथ ही सिविल लाइंस से 18 हजार लीटर की फायर टेंडर के साथ दो टेंडर और एक टेंडर परसाखेड़ा से भेजा गया।
इसके अलावा शाहजहांपुर से भी दो फायर टेंडर बुलाए गए। एक लेन पर जाम लगने से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में समय लगा। गाड़ियों को गलत दिशा से किसी तरह मौके पर पहुंचाया गया। इसके बाद द्वारिकेश शुगर मिल से पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को सुबह करीब सात बजे पूरी तरह से बुझाया जा सका।
छेद होने से फटने से बचा टैंकर, होता बड़ा हादसा
सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि आग भीषण थी, इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि ट्रक की टक्कर से टैंकर में पीछे छेद हो गया, जिससे एथेनाल का रिसाव शुरू हो गया। इसकी वजह से प्रेशर नहीं बन सका। यदि प्रेशर बनता तो टैंकर में ब्लास्ट हो सकता था, जिससे और बड़ा हादसा होने का डर था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।