विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नड्डा की राहुल गांधी को खरी-खरी: 'EVM को दोष देने के बजाय जनता के दिलों में जगह बनाएं'

Published: Tue, 03 Nov 2026 06:18 PM (IST)

बरेली में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान, जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को ईवीएम पर दोष ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्मंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ मंच पर मौजूद अन्य वरिष्ठ नेता

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्मंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ मंच पर मौजूद अन्य वरिष्ठ नेता

HighLights

  1. केशव ने कहा- सपा की साइकिल पंचर करने का समय आ गया

  2. जयंत बोले- किसानों और मजदूरों के हित में निवेश कर रही सरकार

जागरण संवाददाता, बरेली। भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के बहाने मंगलवार को बरेली में भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया। ब्रज क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने विपक्ष पर तीखे राजनीतिक हमले किए।

जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने को लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश बताया।

वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने सपा की साइकिल पंचर करने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने की अपील की। जयंत चौधरी ने संविधान की रक्षा के साथ किसानों, मजदूरों और शिक्षा व्यवस्था के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।

WhatsApp Image 2026-11-03 at 3.24.37 PM

राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बरातघर पर सजे मंच में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत प्रजातंत्र की जननी है। देश के चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट ने पूरी दुनिया में अपनी विश्वसनीयता स्थापित की है।

इसके बावजूद कांग्रेस और आइएनडीआइए गठबंधन के कुछ गैरजिम्मेदार संगठन लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब कुछ विद्यार्थी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते तो अपनी कमी स्वीकार करने के बजाय शिक्षक को ही गलत ठहराने लगते हैं।

राहुल गांधी भी चुनाव में हार के बाद यही कहते हैं। उन्हें ईवीएम और चुनाव आयोग को दोष देने के बजाय जनता के दिलों में जगह बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में भी मतदाताओं तक पहुंचता है।

एक मतदाता के लिए 44 किलोमीटर पहाड़ों के बीच जाकर मतदान की व्यवस्था की गई। आयोग के अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची तैयार करते हैं। इसके बावजूद उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

आपातकाल याद करें राहुल गांधी

नड्डा ने कांग्रेस के लोकतांत्रिक इतिहास पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी दादी इंदिरा गांधी का कार्यकाल याद करना चाहिए, जब आपातकाल के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया गया था।

कांग्रेस सरकार ने उन्हें भी दो बार जेल भेजा था, जब वह पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। ऐसे में लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने से पहले कांग्रेस को अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।

कांग्रेस की सरकारों ने ही बैलेट पेपर से ईवीएम तक की व्यवस्था को अपनाया था, लेकिन अब चुनाव हारने पर उसी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

एसआइआर को बताया जरूरी, घुसपैठियों पर साधा निशाना

जेपी नड्डा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का समर्थन करते हुए कहा कि देश में पहले भी 12 बार ऐसी प्रक्रिया हो चुकी है। इनमें 10 बार कांग्रेस और दो बार एनडीए के कार्यकाल में पुनरीक्षण हुआ।

उन्होंने कहा कि 10.24 लाख बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची तैयार करने में जुटे हैं। पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों में मतदाताओं की संख्या में असामान्य वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने घुसपैठियों की पहचान पर जोर दिया।

कहा कि गलत मतदाताओं को सूची से बाहर करना जरूरी है। घुसपैठियों को देश की व्यवस्था और मतदाता सूची का हिस्सा बनने का अधिकार नहीं दिया जा सकता।

उन्होंने राहुल गांधी की ओर से कर्नाटक और हरियाणा के चुनावों में कथित वोट कटने और धांधली के आरोपों पर भी सवाल उठाए। कहा कि आरोप लगाने के बाद उन्हें प्रमाणित करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

चुनाव आयोग को दोष देने से चुनाव नहीं जीते जाते, इसके लिए जनता के बीच काम करना और उसका विश्वास हासिल करना पड़ता है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक अवसरवाद के आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देने का आह्वान किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर कार्यकर्ता जुटें।

सपा की साइकिल पंचर करने का समय आ गया : केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब पदयात्रा शुरू होने का समय आ गया है। पूछा कि थक तो नहीं गए हैं? उन्होंने कहा कि अब सपा की साइकिल पंचर करने का समय आ गया है।

WhatsApp Image 2026-11-03 at 1.55.05 PM

विपक्ष तख्तापलट करना चाहता है, लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी, बल्कि जनता ही उनका तख्तापलट कर देगी। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट चोरी के आरोप लगाने वाले खुद अपने राजनीतिक आचरण पर नजर डालें।

कांग्रेस वोट चोर है और बूथ कब्जा करने का काम सपा करती रही है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ जुट जाएं।

किसानों और मजदूरों के हित में निवेश कर रही सरकार : जयंत

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बरेली को नाथ नगरी और किसानों की भूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उत्तर प्रदेश का बजट नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। सरकार खेतिहर, किसानों और मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके विकास और निवेश पर काम कर रही है।

WhatsApp Image 2026-11-03 at 2.03.59 PM

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में कायाकल्प योजना के तहत शुरू किए गए प्रयासों को अच्छा कदम बताते हुए इन्हें और आगे बढ़ाने की जरूरत बताई। जयंत चौधरी ने कहा कि यह केवल चुनावी सभा नहीं है।

वे देश और नागरिकों की चिंताओं को लेकर यहां आए हैं। पिछले चुनाव में विपक्ष ने इसे आखिरी चुनाव बताकर आरक्षण खत्म होने और संविधान पर खतरे की बात कही थी लेकिन ऐसा नही हुआ।

बोले, संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ही बरेली में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए सरकार काम कर रही है। प्रदेश में कनेक्टिविटी बढ़ाने से लेकर विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने तक कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उमड़ा केसरिया सैलाब

अतिथियों के संबोधन के बाद लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा शुरू हुई। जीपी नड्डा, केशव प्रसाद मौर्य, जयंत चौधरी खुली कार में सवार हुए और काफिला चल निकला।

मंत्रियों, पदाधिकारियों के साथ ही हजारों कार्यकर्ता पैदल सड़क पर चलने लगे। विपक्षियों पर गुस्सा जताते हुए आगे बढ़े। पदयात्रा बांके बिहारी मंदिर, शिवाजी चौक होते हुए बलिदानी चौक पहुंची।

वहां अतिथियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए और फिर सर्किट हाउस चले गए। वहां कुछ देर पदाधिकारियों से संवाद किया, फिर एयरपोर्ट को रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें- बरेली: जनसुनवाई में लापरवाही पड़ी भारी, सिर फूटने पर भी केस दर्ज न करने पर थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।