Good News: बरेली के इज्जतनगर नए बस अड्डे का काम पूरा, कांवड़ यात्रा और बड़े आयोजनों में नहीं लगेगा जाम
बरेली के इज्जतनगर में 16.72 करोड़ रुपये की लागत से छह साल में नया बस अड्डा बनकर तैयार हो गया ...और पढ़ें

इज्जतनगर बस स्टेशन
HighLights
16.72 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डा का निर्माण
पुराना बस अड्डा से कम हो जाएगा यात्रियों का दबाव
जागरण संवाददाता, बरेली। छह साल से 16.72 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा इज्जतनगर बस अड्डा का निर्माण आखिरकार पूरा हो गया है। केंद्रीय कारागार की 2.285 हेक्टेयर भूमि परिवहन निगम को हस्तांतरित कर उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड ने निर्माण तो 2023 में ही शुरू करा दिया था।
मगर, बजट आवंटन टुकड़ों में होने के कारण परियोजना लंबित होती रही। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य पूर्ण कराने का दावा किया है, अब भवन हैंडओवर किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
परिवहन निगम के अधिकारियों की मानें तो अगले तीन महीने के भीतर नए बस अड्डा का संचालन शुरू हो सकता है। पुराना बस अड़्डा घनी आबादी के बीच में आ जाने से शहर में कोई भी बड़ा आयोजन होने पर जाम की समस्या बढ़ जाती है।
जिसके चलते बस अड्डा से बसों का संचालन बंद करा दिया जाता है। कांवड़यात्रा के दौरान सप्ताह में तीन दिन बस अड्डा बंद करना पड़ता है। इस समस्या का स्थायी निदान कराने के लिए वर्ष 2020 में इज्जतनगर में नया बस अड्डा का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
सरकार ने उसी वर्ष 16.72 करोड़ रुपये की परियाेजना को मंजूरी तो दे दी, लेकिन बजट आवंटित नहीं किया गया। अगस्त 2023 में तीन करोड़ रुपये का बजट आवंटित होने के बाद कार्य आरंभ हो सका।
बजट खर्च हो जाने के बाद मार्च 2024 में दूसरी किस्त में दो करोड़ रुपये की जारी की गई। तीसरी किस्त में 3.90 करोड़ रुपये जल्दी मिल गए। 8.90 करोड़ रुपये की लागत से विहंगम भवन बनकर तैयार हो गया, लेकिन बजट के अभाव में काम ठप हो गया।
पांच साल में 60 प्रतिशत काम ही हो सका। पिछली साल सितंबर में शासन से 6.98 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया, तब जाकर परियोजना को पूर्ण कराया जा सका।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मो. अजीम ने बताया कि इज्जतनगर में नया बस अड्डा बनकर तैयार हो चुका है। कार्यदायी संस्था से हैंडओवर कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रक्रिया पूर्ण कराकर जल्द ही यहां से बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।