बरेली के आसमान में तिरंगे संग गरजे माइक्रोलाइट विमान, पुराने ASC स्कूल के ऊपर दिखा सैन्य शौर्य
बरेली के आसमान में भारतीय सेना ने 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष और सेना सेवा कोर के 266वें कोर दिवस ...और पढ़ें

आसमान में तिरंगा लहराकर शौर्य, साहस और राष्ट्रप्रेम का संदेश देता सेना सेवा कोर का माइक्रोलाइट विमान। जागरण
HighLights
वंदे मातरम के 150 वर्ष पर सेना सेवा कोर की अनूठी उड़ान, पुराने एएससी स्कूल के ऊपर हुआ हवाई प्रदर्शन
नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। समय सुबह के 10.58 बजे। आसमान में विमानों की गड़गड़ाहट… और उनके साथ लहराता तिरंगा और सेना सेवा कोर का ध्वज। इसी के साथ नीचे टकटकी लगाए सेना के जवान। बुधवार को बरेली के आसमान में यह नजारा दिखा तो हर निगाह उड़ते विमानों पर टिक गई।
मौका था वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने और सेना सेवा कोर के 266वें कोर दिवस व 12वें पुनर्मिलन समारोह के उपलक्ष्य में निकली भारतीय सेना की विशेष हवाई यात्रा का। तीन माइक्रोलाइट (हल्के विमान) विमानों ने पुराने सेना सेवा कोर स्कूल के ऊपर उड़ान भरकर सैन्य शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का ऐसा दृश्य रचा कि हर कोई रोमांचित हो उठा।
धरती से महज 30 से 35 मीटर की ऊंचाई से गुजरते हुए विमानों ने सेना के शौर्य, अनुशासन और जज्बे का प्रदर्शन किया। इस दौरान सेना सेवा कोर के अधिकारी और जवान भी रोमांचित दिखे।
बरेली में वर्ष 1947 से मार्च 1999 तक संचालित रहे सेना सेवा कोर स्कूल के पुराने परिसर के ऊपर तीनों विमानों ने हवाई प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय ध्वज और सेना सेवा कोर का ध्वज प्रदर्शित किया गया।
वर्तमान में इसी परिसर में जूनियर लीडर अकादमी संचालित है। अभियान दल के प्रमुख कर्नल राहुल मनकोटिया ने अकादमी के कमांडेंट से मुलाकात भी की। पुराने सैन्य परिसर के ऊपर विमानों की उड़ान ने सेना से बरेली के ऐतिहासिक रिश्ते को फिर जीवंत कर दिया।
सेना के अधिकारियों के अनुसार इस अभियान उद्देश्य सैनिकों में साहस, साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि, सामूहिक कार्यक्षमता, धैर्य और सैन्य भावना को मजबूत करना है।
गया से शुरू हुआ अभियान अयोध्या, लखनऊ, बरेली, मेरठ, झांसी, महू, भुज, राजकोट, सूरत, शिरडी, बेलगाम और गोवा सहित कई स्थानों से होते हुए बेंगलुरु पहुंचेगा।
लखनऊ से पहुंचे तीन विमान, कर्नल राहुल ने किया नेतृत्व
भारतीय सेना की इस विशेष हवाई यात्रा में तीन हल्के विमान शामिल हैं। मंगलवार को ये विमान लखनऊ से बरेली पहुंचे थे। अभियान का नेतृत्व कर्नल राहुल मनकोटिया कर रहे हैं।
उनके साथ कर्नल एलके यादव और सेना सेवा कोर की विभिन्न इकाइयों के चार अन्य सैन्यकर्मी भी शामिल रहे। सेना के अधिकारियों के अनुसार यह अभियान 16 नवंबर को गया से शुरू हुआ है और तीन दिसंबर को बेंगलुरु में पूरा होगा।
छोटे विमान, लेकिन उड़ान में बड़ा दम
आकार में छोटे और वजन में हल्के होने के कारण इन विमानों को माइक्रोलाइट कहा जाता है। सामान्य तौर पर इनमें एक या दो लोगों के बैठने की व्यवस्था होती है।
इनकी खासियत कम गति पर नियंत्रित उड़ान भरने की क्षमता है। हल्के ढांचे और छोटे आकार के कारण ये सामान्य बड़े विमानों से अलग होते हैं।
इन्हें उड़ाने के लिए पायलट को विशेष प्रशिक्षण, संतुलन और मौसम की सटीक समझ की जरूरत होती है। इनका उपयोग प्रशिक्षण, हवाई निरीक्षण और साहसिक उड़ान गतिविधियों में भी किया जाता है।
युद्धभूमि में रसद पहुंचाने से लेकर सैनिकों की जरूरतों तक जिम्मेदारी
सेना सेवा कोर भारतीय सेना की महत्वपूर्ण सेवाओं में शामिल है। इसका दायित्व युद्ध और शांति, दोनों परिस्थितियों में सैनिकों तक जरूरी रसद पहुंचाना है।
अग्रिम मोर्चों पर तैनात जवानों के लिए राशन, ईंधन, तेल और अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करना इसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, रेगिस्तान और कठिन रास्तों पर तैनात सैनिकों तक जरूरी सामान पहुंचाकर यह कोर सेना की संचालन क्षमता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। कोर का ध्येय वाक्य है- ‘सर्विस इज अवर क्रीड’ यानी सेवा ही हमारा धर्म है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।