बरेली में पटाखा चलाने के विवाद में तहेरे भाई का हाथ ग्राइंडर से काटा, एक आरोपी गिरफ्तार
बरेली में दिल दहला देने वाली घटना हुई जहां, एक शख्स का हाथ ग्राइंडर से काटकर अलग कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights
बरेली में पटाखों को लेकर हुआ विवाद
शख्स का हाथ ग्राइंडर से काटा
एक आरोपी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, बरेली। बच्चों के पटाखे चलाए जाने पर उनके पिता नेतराम का हाथ काट दिया गया। आरोपित रामसरन, उसके पिता दन्ने व गोविंद ने उन्हें गली में खींचा, फिर बायें हाथ पर टाइल्स काटने वाला ग्राइंडर चला दिया।
सोमवार शाम को तीनों आरोपितों के विरुद्ध विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती नेतराम ने बताया कि चचेरा भाई रामसरन पहले से रंजिश रखता है। उसी ने हाथ काटा, शेष दोनों आरोपित पकड़े रहे ताकि बचकर न भाग सकें। देर रात मुख्य आरोपित गिरफ्तार कर लिया गया।
बभिया गांव निवासी नेतराम मजदूरी करते हैं। उनके पड़ोस में टाइल्स ठेकेदार चचेरा भाई रामसरन, चाचा दन्ने व गोविंद रहता है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात सात बजे नेतराम के बच्चे पटाखे चलाते हुए रामसरन के दरवाजे पर पहुंच गए। इससे बौखलाए रामसरन ने बच्चों को पीटकर भगा दिया। इसकी जानकारी पर नेतराम आपत्ति जताने पहुंचे तो रामसरन समेत तीनों आरोपितों ने घेरकर पीटा।

उसी दौरान ग्राइंडर से बायां हाथ काट दिया। सोमवार शाम को कैंट थाने पहुंची नेतराम की पत्नी नारन देवी ने बताया कि रामसरन समेत तीनों आरोपित छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करते हैं। उन सभी से बोलचाल बंद है। दीपावली की रात तीनों आरोपितों ने गली में नेतराम को घेर लिया।
दन्ने ने उन्हें पीछे से पकड़ा, गोविंद ने उनका बायां हाथ फर्श पर दबाया। इतने में रामसरन अपना ग्राइंडर ले आया। उससे नेमराम का बायां हाथ कलाई के पास से काटकर अलग कर दिया। चीख-पुकार सुनकर नेतराम के पिता अनोखेलाल बचाने दौड़े, इतने में आरोपित भाग गए।
खून से लथपथ नेतराम को तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर देर रात सिद्धि विनायक अस्पताल ले गए। स्वजन उनका कटा हुआ हाथ भी अस्पताल लेकर पहुंचे। कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि चचेरे-तहेरे भाइयों के बीच पुराना विवाद चल रहा।
यह भी पढ़ें- बरेली में चौबारी पर बनेगा नया ई-बस अड्डा, 25 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए शासन को भेजी गई DPR
दीपावली की रात बच्चों के पटाखा चलाने पर रामसरन ने दुस्साहसिक घटना कर दी। उसने खुद को पीड़ित दर्शाने के लिए अपने हाथ में भी चोट मारी, फिर जिला अस्पताल में भर्ती हो गया। उसे गिरफ्तार कर पुलिस की निगरानी में उपचार कराया जा रहा है।
तीनों आरोपितों के हथियार से अंग काट देने, धमकाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है।- आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।