शादी के सीजन में बड़ी खुशखबरी! 24 घंटे में ₹3200 सस्ता हुआ सोना, 16 दिनों के सबसे निचले स्तर पर पहुंचे भाव
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट से बरेली के सराफा बाजार में ग्राहकों को राहत मिली है। शादी के सीजन में सोना 24 घंटे में ₹3200 सस्ता होकर 16 दिनों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।

शोरूम में ज्वैलरी पसंद करती युवती
HighLights
सहालग के बीच सराफा बाजार में खरीदारी को पहुंच रहे ग्राहक
मनीस पांडेय, बरेली। सहालग के बीच सोने की कीमतों में लगातार गिरावट से सराफा बाजार में ग्राहकों को राहत मिल रही है। पिछले करीब 15 दिनों से सोने के भाव नीचे आ रहे हैं। बुधवार को भी सोने की कीमत में करीब 3200 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही चांदी के भाव में भी कमी आई है।
कीमतें घटने से शादी-विवाह के लिए जेवर खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों में उत्साह है। फिलहाल बीते 16 दिनों में सोना व चांदी सर्वाधिक निचले स्तर पर आ गया है।
जिला आभूषण संघ के महासचिव दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को सोने का भाव 1,28,500 रुपये था, जो बुधवार को घटकर 1,25,700 रुपये पर पहुंच गया।

इस तरह एक ही दिन में सोना 3200 रुपये सस्ता हो गया। वहीं चांदी की कीमत 1580 रुपये से घटकर 1495 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। लगातार घटते भाव के चलते ग्राहक बाजार का रुख कर रहे हैं।
हालांकि सहालग शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग शादी-विवाह के लिए सोने के जेवर खरीद चुके हैं, लेकिन अब भी कई परिवार खरीदारी के लिए बेहतर भाव का इंतजार कर रहे हैं।
सराफा बाजार में सोने के हार, चेन, अंगूठी और अन्य आभूषणों की जानकारी लेने के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। पिछले कुछ समय में सोने के भाव काफी ऊंचाई पर पहुंच गए थे। ऐसे में मौजूदा गिरावट को ग्राहक राहत के रूप में देख रहे हैं।
कई लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतें और नीचे आ सकती हैं। कुछ ग्राहक सोने का भाव एक लाख रुपये प्रति तोला तक पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। हालांकि बाजार में आगे कीमतों में कितनी गिरावट होगी, इसे लेकर कारोबारी भी फिलहाल कुछ स्पष्ट कहने की स्थिति में नहीं हैं।