सहालग के बीच बड़ी राहत: एक ही दिन ₹7,000 टूटा सोना, मई के मुकाबले चांदी 41% तक सस्ती
सहालग से पहले सोने के दाम में ₹7,000 की बड़ी गिरावट आई है, जिससे शादी वाले परिवारों को राहत मिली है। मई की तुलना में सोना 16% और चांदी 41% तक सस्ती हुई है, जिससे खरीदारी में लाभ मिल रहा है।

एआई इमेज
HighLights
पिछले वर्ष नवंबर की तुलना में सोने में मामूली बढ़ोतरी, चांदी हुई सस्ती
जागरण संवाददाता, बरेली। सहालग शुरू होने से ठीक पहले सोने और चांदी के दामों में आई गिरावट ने शादी वाले परिवारों को बड़ी राहत दी है। शादी के लिए जेवरों की खरीदारी करने वाले परिवारों को अब पिछले महीनों के मुकाबले कम बजट खर्च करना पड़ रहा है। 1.60 लाख रुपये प्रति तोला तक पहुंच चुका सोना अब करीब 1.27 लाख रुपये के स्तर पर आ गया है।
वहीं चार लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी चांदी भी गिरकर करीब 1.54 लाख रुपये रह गई है। 19 नवंबर को सोना 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.67 लाख रुपये प्रति किलो थी। एक दिन में दोनों धातुओं के दामों में आई गिरावट से बाजार में खरीदारों को राहत मिली है।
बरेली आभूषण संघ के महामंत्री दिनेश अग्रवाल ने बताया कि सोने और चांदी के दामों में लगातार गिरावट आ रही है। सहालग से ठीक पहले सोने के भाव में सात हजार रुपये तक की कमी खरीदारों के लिए अच्छी खबर है।
मई 2026 की सहालग से तुलना करें तो सोना और चांदी दोनों काफी सस्ते हुए हैं। उस समय 24 कैरेट सोने का भाव 1,53,605 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1,27,362 रुपये रह गया है।
यानी इसमें 25,243 रुपये (16.4 प्रतिशत) की कमी आई है। इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,40,702 रुपये से घटकर 1,17,580 रुपये पर पहुंच गया है। चांदी में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हुई है।
मई में 2,61,463 रुपये प्रति किलो रही चांदी अब 1,54,204 रुपये में मिल रही है। इस तरह एक किलो चांदी पर 1,07,259 रुपये की कमी आई है। पिछले वर्ष नवंबर की सहालग से तुलना करें तो सोने में बहुत अधिक अंतर नहीं है।
नवंबर 2025 में 24 कैरेट सोना 1,25,480 रुपये था, जो अब करीब 2.3 प्रतिशत महंगा है। वहीं चांदी पिछले साल के 1,57,130 रुपये के मुकाबले अब करीब 1.9 प्रतिशत सस्ती है।
सराफा कारोबारी मयूरेश अग्रवाल ने बताया कि दाम कम होने से शादी वाले परिवारों को खरीदारी में लाभ मिल रहा है। सहालग के चलते ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। विशेषकर सोने के आभूषणों के साथ चांदी के बर्तन, पायल और सिक्कों की मांग बढ़ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।