Gold Price Crash: भरभराकर गिर रहे सोने के दाम, क्या सच में 1 लाख रुपये तोला हो जाएगा सोना? व्यापारियों ने जताई ये उम्मीद
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट से ग्राहकों को राहत मिली है, खासकर सहालग के लिए जेवर खरीदने वालों को। व्यापारी उम्मीद जता रहे हैं कि सोने का भाव गिरकर 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है, जिससे खरीदारी का अच्छा मौका है।

एआई इमेज
HighLights
सहालग की खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे ग्राहक
जागरण संवाददाता, बरेली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट ने सराफा बाजार में ग्राहकों को राहत दी है। बीते दिनों रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच चुके सोने के दाम अब तेजी से नीचे आ रहे हैं। सोना करीब 1,26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम (तोला) तक पहुंच गया है।
रोजाना एक से दो हजार रुपये तक की गिरावट से खरीदारी करने वालों की चांदी है। खासकर सहालग में शादी की तैयारी कर रहे परिवारों ने एक बार फिर जेवरों की खरीदारी शुरू कर दी है।
पहले महंगे दाम के कारण पुराने सोने को पालिश कर इस्तेमाल करने की योजना बना रहे लोग भी अब नए आभूषण खरीदने के लिए सराफा बाजार पहुंच रहे हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि गिरावट जारी रही तो सोना एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है।
सोने के दाम लगातार कम हो रहे हैं। वर्तमान में भाव करीब 1,26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। इससे ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर अवसर मिल रहा है। सहालग के चलते लोग इस गिरावट का लाभ उठाकर जेवर खरीद रहे हैं। बाजार में ग्राहकों की संख्या भी बढ़ रही है। - शौर्य गोयल, आलमगीरीगंज
सोने और चांदी के दाम जिस तेजी से बढ़े थे, उसी तरह अब इनमें गिरावट आ रही है। सोने का भाव एक लाख 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक आने की संभावना है। बाजार में मांग और नकदी की स्थिति कमजोर होने से कीमतों पर असर पड़ रहा है। आने वाले एक सप्ताह तक गिरावट बने रहने का अनुमान है। -विधान रस्तोगी, राजेंद्र नगर, आवास विकास, बरेली
अंतरराष्ट्रीय बाजार में डालर की मजबूती का असर सोने की कीमतों पर पड़ रहा है। इसके चलते सोने के दाम में तेजी से गिरावट आई है। हालांकि 25 नवंबर से कीमतें फिर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जिन लोगों को शादी के लिए जेवर खरीदने हैं, उन्हें मौजूदा गिरावट का लाभ उठाना चाहिए। - राजकुमार अग्रवाल, शिवाजी मार्ग, बरेली
सोने के दाम इसी तरह घटते रहे तो यह एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। हालांकि जून-जुलाई तक कीमतों में दोबारा तेजी आने की संभावना है। महंगे दाम के कारण खरीदारी टाल रहे शादी वाले परिवार अब बाजार में लौटने लगे हैं। इससे सराफा कारोबार में ग्राहकों की आमद बढ़ी है। - विकास वर्मा, आलमगीरीगंज, बरेली
सोने की कीमतों में लगातार गिरावट के बाद भी आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है। गिरावट के बीच सहालग के चलते लोगों को कम कीमत पर खरीदारी का अवसर मिल रहा है। आलमगीरीगंज, साहूकारा, सिविल लाइंस और बड़ा बाजार समेत शहर के प्रमुख सराफा बाजारों में ग्राहकों की आमद बढ़ी है। - संदीप अग्रवाल मिंटू, अध्यक्ष, महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।