बरेली एयरपोर्ट से नवी मुंबई की सीधी उड़ान: बेंगलुरु फ्लाइट में भी बदलाव, फ्री इंटरनेट के साथ पढ़ें फ्लाइब्रेरी में किताबें
अब नवी मुंबई की उड़ानें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होंगी, जबकि बेंगलुरु की फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और ...और पढ़ें
HighLights
बरेली से नवी मुंबई की सीधी उड़ान
बेंगलुरु फ्लाइट के शेड्यूल में भी बदलाव हुआ
गर्मी का नया शेड्यूल एयरपोर्ट पर लागू
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली एयरपोर्ट से सोमवार से मुंबई की जगह नवी मुंबई की फ्लाइट शुरू हो जाएगी। इसके अलावा बेंगलुरु की फ्लाइट में भी बदलाव हो जाएगा। एयरपोर्ट का रविवार से गर्मी का शेड्यूल जारी हो गया है, जिसमें यह बदलाव किया गया है। अब नवी मुंबई के लिए लगातार दो दिन शुक्रवार और शनिवार को और बेंगलुरू की फ्लाइट रविवार को जाएगी।
बरेली एयरपोर्ट का गर्मी का शेड्यूल होगा लागू, बेंगलुरू की फ्लाइट में बदलाव
नए शेड्यूल के तहत नवी मुंबई से बरेली एयरपोर्ट पर सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को फ्लाइट दोपहर 1:35 बजे आएगी और 2:20 बजे वापस जाएगी। इसके अलावा बेंगलुरू से बरेली एयरपोर्ट पर फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और रविवार को 2:10 बजे आएगी और बरेली से 2:45 बजे जाएगी।
डीजीसीए की ओर से नया शेड्यूल जारी किया गया है
एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया कि डीजीसीए की ओर से नया शेड्यूल जारी किया गया है। अब नए शेड्यूल के तहत मुंबई की जगह नवी मुंबई फ्लाइट जाएगी। शनिवार और रविवार की फ्लाइट के दिन में भी बदलाव किया गया है। अब नवी मुंबई की फ्लाइट शनिवार और बेंगलुरु की फ्लाइट रविवार को जाएगी।
बरेली एयरपोर्ट पर अब फ्लाइब्रेरी में पढ़ें किताबें, फ्री इंटरनेट भी
बरेली एयरपोर्ट पर फ्लाइब्रेरी और फ्री वाईफाई की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे यात्री फ्री इंटरनेट और फ्लाइब्रेरी में उपलब्ध किताबों को पढ़ने का आनंद ले सकेंगे। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने वर्चुअल माध्यम से रविवार को फ्लाइब्रेरी और फ्री वाई-फाई सेवा का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को हवाई अड्डे पर प्रतीक्षा के दौरान पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और एक सकारात्मक अनुभव प्रदान करना है।
फ्री वाई-फाई जैसी नई सुविधाओं का स्वागत
अब यात्री अपनी पसंद की पुस्तक पढ़ सकते हैं और चाहें तो अपनी पुस्तकें दान कर अन्य यात्रियों के लिए उपलब्ध करा सकते हैं। यात्रियों ने भी फ्लाइब्रेरी और फ्री वाई-फाई जैसी नई सुविधाओं का स्वागत करते हुए इसे एक सराहनीय कदम बताया है। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल माध्यम से विभिन्न हवाई अड्डों पर चल रही पहलों का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल, यूपीएसएसएफ के सुरक्षा कार्मिक एवं इंडिगो एयरलाइन का स्टाफ मौजूद रहा।
