बरेली: किसान की आत्महत्या में नया मोड़, रुहेलखंड विवि के पूर्व कुलपति सहित चार पर FIR
बरेली के बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या मामले में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केपी सिंह और उनकी पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। किसान के बेटे ने आरोप लगाया है कि जमीन हड़पने और धमकियों से परेशान होकर उनके पिता ने आत्महत्या की।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
किसान आत्महत्या मामले में पूर्व कुलपति समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज।
किसान के बेटे ने जमीन हड़पने और धमकी का आरोप लगाया।
मृतक किसान ने सुसाइड नोट में पूर्व कुलपति का नाम लिया।
जागरण संवाददाता, बरेली। बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति (कुलपति गोरखपुर विश्वविद्यालय) प्रो. केपी सिंह, उनकी पत्नी समेत अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किसान के बेटे ने धोखे से जमीन हड़पने, जान से मारने की धमकी से परेशान होकर पिता के आत्महत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं अभी तक किसान का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है और स्वजन की ओर से आगे की कार्रवाई पर मंथन किया जा रहा है।
पचपेड़ा के भाग सिंह ने पुलिस से शिकायत की कि उनके पिता भगवान सिंह ने ग्राम पचपेड़ा, परगना रिछा, तहसील बहेड़ी में 1995 में कृषि भूमि खरीदी थी। तब से अब तक उनका परिवार ही जमीन पर काबिज है। इसके पर मकान भी बना है और खतौनी में भी उनके पिता का नाम दर्ज है।
किसान की आत्महत्या के मामले में कुलपति समेत चार पर प्राथमिकी
आरोप है कि रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केपी सिंह, उनकी पत्नी रुद्रपुर निवासी संजेश, संजीव कुमार राठी, अनुज कुमार व अन्य अज्ञात की उच्च प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों में गहरी पैठ है। सभी ने एक राय होकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत एवं अपने पद व प्रभाव का अनुचित दुरुपयोग करते हुए, संबंधित चकबंदी व राजस्व अधिकारियों से साठगांठ कर बिना उनके पिता को कोई सूचना दिए एक पक्षीय आदेश पारित करा लिया।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, पत्नी समेत चार पर लगे हैं आरोप
आरोप है कि इसके बाद किसी फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर छल-कपट एवं कूटरचना के माध्यम से उनके पिता की जमीन का बैनामा अवैध तरीके से अपने पक्ष में करा लिया। जब उनके पिता को इस जालसाजी एवं फर्जी बैनामे का पता चला तो उन्होंने प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों से शिकायत की लेकिन राजनीतिक दबाव की वजह से कोई कार्रवाई नहीं हुई और बार-बार प्रार्थना पत्र देने पर उनके पिता को प्रताड़ित किया गया।
भाग सिंह ने बताया कि जमीन और मकान खाली कराने के लिए डराया गया और मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई, जिसकी वजह से अवसाद में आकर उनके पिता ने जहर खाकर जान दे दी। उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें भी पूर्व कुलपति प्रो. केपी सिंह का नाम लिया है।
किसान की आत्महत्या के मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किसान के अंतिम संस्कार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
संतोष कुमार, एसपी उत्तरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।