विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीसीटीवी से खुली पहचान: महिला का कुंडल लूटने वाले शातिर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

Published: Mon, 02 Nov 2026 12:28 PM (IST)

सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला के कुंडल लूटने वाले बदमाश देवराज को फरीदपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, फरीदपुर (बरेली)। पति के साथ बाइक से ससुराल जा रही महिला के कान से कुंडल लूटकर भागे बदमाश को पुलिस ने आखिरकार घेर लिया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और लगातार जांच के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर ली थी। पुलिस बदमाश की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर सोमवार सुबह घेराबंदी कर दी गई।

पुलिस को देखते ही बदमाश ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर महिला का लूटा गया कुंडल, तमंचा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली।

कैंट थाना क्षेत्र के कमालपुर पालपुर गांव निवासी सुनील 30 अक्टूबर को अपनी पत्नी ईशु के साथ बाइक से फरीदपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे दशमेश ढाबे के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनकी पत्नी के कान से कुंडल खींचकर फरार हो गए।

अचानक हुई इस वारदात से दंपती हतप्रभ रह गए। सुनील की तहरीर पर फरीदपुर थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

लगातार जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाश की पहचान करने में सफल रही। उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं। सोमवार सुबह मुखबिर ने सूचना दी कि कुंडल लूटने वाला बदमाश उगनपुर गांव के आसपास बाइक से घूम रहा है।

वह किसी दूसरी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसओजी द्वितीय और फरीदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहनपुर गांव के पास कच्ची नहर पटरी पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

सुबह करीब साढ़े सात बजे सामने से बाइक पर आता एक युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाइक सवार घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान फरीदपुर के बकैनिया गांव निवासी 28 वर्षीय देवराज के रूप में हुई।

तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और महिला का लूटा गया कुंडल भी बरामद कर लिया।

बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। चेसिस नंबर की जांच करने पर उसका पंजीकरण नंबर यूपी 25 ईडी 6693 सामने आया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, देवराज का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, अपहरण, धमकी, अवैध शस्त्र और गिरोहबंद अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली के इस गांव में एक भी वाल्मीकि परिवार नहीं, फिर भी नाम है 'मेहतरपुर'... 22 साल से 'रामगढ़' बनने का इंतजार!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।