बटन दबाते ही गूंजेंगे पटाखे और बदलेंगे रंग: दिवाली सजावट के लिए आई अनोखी पटाखा झालर और स्मार्ट लाइट्स
बरेली के बाजार में दीपोत्सव के लिए नई तकनीक और आकर्षक डिजाइन वाली सजावटी लाइटें आ गई हैं। इस बार ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
बच्चों के लिए फैंसी पटाखा झालर बनी आकर्षण, अलग-अलग आवाज में फूटेंगे पटाखे
स्मार्ट लाइट, डायमंड कट एलईडी और डिजाइनर झूमरों से सजा इलेक्ट्रानिक बाजार
नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। दीपोत्सव को लेकर बाजार की रौनक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। घरों और प्रतिष्ठानों को रोशन करने और सजाने के लिए इस बार बाजार में परंपरागत झालरों से आगे बढ़कर तकनीक और आकर्षक डिजाइन का मेल देखने को मिल रहा है।
नगर निगम के पीछे रोडवेज मार्ग पर सजे इलेक्ट्रानिक बाजार में रंग-बिरंगी एलईडी झालरों से लेकर मोबाइल व बटन से संचालित होने वाली स्मार्ट नियान लाइट, लेजर प्रोजेक्टर, डायमंड कट झालर और फैंसी झूमरों की वैरायटी उपलब्ध हैं।

खास बात यह है कि इस बार ऐसी फैंसी पटाखा झालर भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं, जिसका बटन दबाते ही पटाखे जैसी आवाज के साथ धमाका हो रहा है। इससे बच्चों को हाथ में पटाखे पकड़कर जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
साथ ही सजावटी लाइटों में स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल भी आकर्षण का केंद्र है। मोबाइल एप और ब्लूटूथ के जरिये संचालित होने वाली स्मार्ट लाइटों में मनपसंद रंग और रोशनी के पैटर्न चुने जा रहे हैं।

कुछ वैरायटी में संगीत की धुन के साथ रोशनी बदलने का विकल्प भी मिल रहा है। वहीं, स्मार्ट नियान लाइटों को दीवारों, बालकनी और घर के बाहरी हिस्सों की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके लिए अलग-अलग लंबाई के अनुसार रेट भी 15 रुपये से 650 रुपये तक हैं। इसके अलावा पर्दे की तरह लटकने वाली कर्टेन लाइट, पानी की बूंदों जैसी रेनड्राप झालर और ऊपर से नीचे तक रोशनी की लहर पैदा करने वाली फैंसी लाइटें भी ग्राहकों को भा रही हैं।
छत पर दिखेंगे तारे, दीवारों पर रंगीन रोशनी
घर की सजावट को अलग अंदाज देने के लिए स्टार और लेजर प्रोजेक्टर भी उपलब्ध हैं। इन्हें कमरे में लगाने पर छत और दीवारों पर तारों, रंगीन बिंदुओं और विभिन्न आकृतियों जैसी रोशनी दिखाई देती है।

वहीं सेंसर आधारित लाइटें आसपास की आवाज या संगीत के अनुसार रोशनी में बदलाव कर सकती हैं। मुख्य द्वार, बालकनी और पूजा स्थल के लिए अलग-अलग डिजाइन की एलईडी लाइटें भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
झूमर, शोपीस और इलेक्ट्रानिक दीयों की भी भरमार
इलेक्ट्रानिक बाजार में सिर्फ लाइटें ही नहीं, बल्कि घर की सजावट के लिए फैंसी झूमर, एलईडी शोपीस, रंगीन लटकन, सजावटी लैंप और इलेक्ट्रानिक दीयों की भी कई वैरायटी उपलब्ध हैं।
कमल के आकार में जलने वाले एलईडी लैंप और बिना खुली लौ के दीपक जैसा प्रकाश देने वाले इलेक्ट्रानिक दीये पूजा स्थल की सजावट के लिए विकल्प हैं।
इसी तरह, लक्ष्मी-गणेश की प्लास्टिक की प्रतिमाएं भी आकर्षक रंगों और डिजाइन में उपलब्ध हैं। दरवाजों के लिए राजस्थानी तोरण, बंदनवार, कृत्रिम फूलों और मोतियों से बनी लटकन भी बाजार की रौनक बढ़ा रही हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भीड़, जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए मची अफरातफरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।