दिवाली और छठ पर बिहार जाना हुआ आसान, यूपी के बरेली से चलेंगी सात जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें
दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने सात जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
दीपावली और छठ पर्व के लिए विशेष ट्रेनें शुरू।
बरेली से गुजरेंगी सात जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें।
यात्रियों को बिहार, पूर्वांचल, गुजरात जाने में मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, बरेली। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को रेलवे ने राहत दी है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे ने सात जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
इनमें कई ट्रेनें बरेली जंक्शन पर ठहरेंगी, जबकि गुजरात से लालकुआं के बीच चलने वाली ट्रेन बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर होकर गुजरेगी। इससे बिहार, पूर्वांचल और गुजरात की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
उत्तर रेलवे की ओर से लुधियाना से सहरसा, दरभंगा, गया और कोलकाता के लिए आरक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। लुधियाना-सहरसा स्पेशल छह, नौ और 11 नवंबर को लुधियाना से रवाना होगी। बरेली जंक्शन पर अगले दिन सुबह तीन बजे पहुंचेगी।
वापसी में सहरसा से आठ, 11 और 13 नवंबर को चलकर रात 10:45 बजे बरेली पहुंचेगी। लुधियाना-दरभंगा स्पेशल सात, 10 और 11 नवंबर को चलेगी। वापसी में आठ, 11 और 12 नवंबर को दरभंगा से रवाना होगी। बरेली में इसका ठहराव आते समय दोपहर 3:48 बजे और वापसी में सुबह 7:38 बजे होगा। लुधियाना-गया स्पेशल 12 नवंबर और वापसी में 13 नवंबर को संचालित होगी।
वहीं लुधियाना-कोलकाता स्पेशल छह और सात नवंबर को चलेगी। इनके भी बरेली जंक्शन पर ठहराव निर्धारित हैं। इसके अलावा सरहिंद-सहरसा-अंबाला कैंट अनारक्षित स्पेशल पांच, नौ और 12 नवंबर को चलेगी। वापसी में छह, 10 और 13 नवंबर को सहरसा से रवाना होगी।
इसमें केवल सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। लुधियाना-पूर्णिया जंक्शन आरक्षित स्पेशल पांच और नौ नवंबर को लुधियाना से तथा छह और 10 नवंबर को पूर्णिया से चलेगी। यह ट्रेन भी बरेली जंक्शन पर ठहरेगी। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे उत्राण-लालकुआं के बीच साप्ताहिक त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
पांच और 12 नवंबर को उत्राण से चलकर ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:50 बजे बरेली जंक्शन, 2:05 बजे बरेली सिटी और 2:30 बजे इज्जतनगर पहुंचेगी। वापसी में छह और 13 नवंबर को लालकुआं से चलकर रात 11:55 बजे बरेली सिटी और अगले दिन रात 12:13 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। 22 कोच वाली इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।