विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में धनतेरस पर 1070 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार, ऑटोमोबाइल और सराफा बाजार में रही सबसे ज्यादा रौनक

Published: Sun, 08 Nov 2026 11:50 PM (IST)

बरेली में धनतेरस पर ₹1070 करोड़ का रिकॉर्ड कारोबार हुआ, जिसमें ऑटोमोबाइल और सराफा बाजार में सबसे अधिक रौनक देखी ...और पढ़ें

ज्वैलरी पसंद करतीं सिविल लाइंस निवासी प्राची सिंह और अन्य। जागरण

ज्वैलरी पसंद करतीं सिविल लाइंस निवासी प्राची सिंह और अन्य। जागरण

HighLights

  1. आटोमोबाइल व सराफा बाजार में रही सबसे अधिक रौनक, बर्तन से लेकर इलेक्ट्रानिक्स आइटम तक जमकर हुई खरीदारी

जागरण संवाददाता, बरेली। धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते शुक्रवार को शहर से लेकर देहात तक बाजार गुलजार रहे। सुबह से ही प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। बर्तन, सराफा, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़े, फर्नीचर, मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर दिनभर खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।

कारोबारियों के अनुसार धनतेरस पर विभिन्न सेक्टरों को मिलाकर करीब 1070 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सबसे अधिक रौनक आटोमोबाइल और सराफा बाजार में दिखाई दी।

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते कुतुबखाना, बड़ा बाजार, राजेंद्र नगर और डीडी पुरम समेत प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने स्टील, लोहे, पीतल और कांसे के बर्तन खरीदे।

81961556

चम्मच, कटोरी, थाली से लेकर कुकर, कढ़ाई और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की खूब बिक्री हुई। बर्तन कारोबार में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

कपड़ा बाजार में भी रौनक रही। रेडीमेड कपड़ों की दुकानों और शोरूम पर विभिन्न आफरों के साथ ग्राहकों को आकर्षित किया गया। लोगों ने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए साड़ी, सूट, कुर्ते, जींस समेत अन्य कपड़ों की खरीदारी की।

सर्दी की शुरुआत को देखते हुए गर्म कपड़ों की मांग भी रही। कपड़ा कारोबारियों के अनुसार इस सेक्टर में करीब 65 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

81963704

लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, अंगूठी, चेन और अन्य आभूषण खरीदे। सराफा बाजार में करीब 170 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया। फर्नीचर बाजार में भी धनतेरस का असर दिखाई दिया।

लोगों ने बेड, ड्रेसिंग टेबल, चारपाई, टी टेबल और सोफा समेत अन्य सामान खरीदा। इसके साथ ही कुर्सी और टेबल की भी बिक्री हुई। फर्नीचर कारोबार करीब 15 करोड़ रुपये का रहा।

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य व प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि करीब 1000 करोड़ से अधिक का कारोबार धनतेरस पर रात नौ बजे तक रहा। इस बार बाजार पहले से बेहतर रहा है।

81963677

आटोमोबाइल बाजार में रही जबरदस्त रौनकधनतेरस पर आटोमोबाइल सेक्टर में सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। सिविल लाइंस स्थित दोपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूम में सुबह से ही ग्राहक पहुंचने लगे।

परिवार के साथ आए लोगों ने रंग, डिजाइन, वैरायटी और माइलेज के आधार पर अपने पसंदीदा वाहन चुने। दोपहिया वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की भी मांग रही। कार शोरूम में भी बड़ी संख्या में ग्राहकों ने बुकिंग और डिलीवरी कराई।

शोरूम को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। ग्राहकों को विभिन्न योजनाओं और आफरों की जानकारी देने के लिए कर्मचारी तैनात रहे। आटोमोबाइल सेक्टर में करीब 220 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।

इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी खरीदारों की भीड़ रही। सिविल लाइंस और हिंदी सिनेमा के आसपास इलेक्ट्रानिक्स दुकानों के बाहर विशेष व्यवस्था की गई थी। टेंट लगाकर उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। लोगों ने टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य घरेलू उपकरणों की खरीदारी की। इस सेक्टर में करीब 90 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।

मिठाई और ड्राई फ्रूट की भी खूब हुई बिक्री

दीपावली पर स्वजन और परिचितों को उपहार देने के लिए लोगों ने मिठाई और ड्राई फ्रूट की खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ आकर्षक पैकिंग वाले गिफ्ट पैक भी उपलब्ध रहे। ड्राई फ्रूट की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। मिठाई कारोबार करीब 118 करोड़ और ड्राई फ्रूट का कारोबार करीब 63 करोड़ रुपये रहा।

81961697

इसके अलावा पूजा सामग्री के बाजार में करीब 10 करोड़, रियल एस्टेट में 27 करोड़, सजावटी सामान में 12 करोड़, किराना में 50 करोड़, चाकलेट में छह करोड़, मोबाइल फोन में 10 करोड़ और पटाखा बाजार में करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। मिट्टी के बर्तन और मूर्तियों की बिक्री से करीब आठ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। अन्य फुटकर सामान की खरीदारी का कारोबार करीब 45 करोड़ रुपये रहा।

मोबाइल बाजार में भी 10 करोड़ की बिक्री

धनतेरस पर मोबाइल बाजार में भी अच्छी रौनक रही। बटलर प्लाजा स्थित एपेक्स इलेक्ट्रानिक्स के संदीप मेहरा ने बताया कि ग्राहकों ने नए फीचर, बेहतर कैमरा, बड़ी बैटरी और आधुनिक तकनीक वाले स्मार्टफोन खरीदने में दिलचस्पी दिखाई।

81963874

युवाओं के साथ परिवारों ने भी अपने बजट के अनुसार मोबाइल खरीदे। अनुमान के मुताबिक जिले में करीब 10 करोड़ रुपये के मोबाइल फोन की बिक्री हुई। धनतेरस पर खरीदारी के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही।

कुतुबखाना, बड़ा बाजार, श्यामगंज और अन्य बाजारों में देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। श्यामगंज में बड़ी संख्या में लोग झाड़ू खरीदते दिखाई दिए। वहीं लोगों ने दीपावली पूजन के लिए मिट्टी के दीये, मूर्तियां, मोमबत्तियां, घी, तेल, नमक, हल्दी, धनिया और अन्य आवश्यक सामान भी खरीदा। कुल मिलाकर धनतेरस ने बाजार में दीपावली की रौनक बढ़ा दी।

यह भी पढ़ें- बरेली-बदायूं वालों की बल्ले-बल्ले: फरीदपुर-दातागंज रेलवे क्रासिंग पर ₹84.23 करोड़ से बनेगा फ्लाईओवर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।