कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के चलते रेल सेवा प्रभावित, बरेली की सात ट्रेनों समेत 16 गाड़ियां निरस्त
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के कारण रेलवे ने 9 और 10 अक्टूबर को कुल 16 ट्रेनें रद कर दी हैं।

HighLights
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन।
रेलवे ने 9 और 10 अक्टूबर को 16 ट्रेनें रद्द कीं।
बरेली से गुजरने वाली सात ट्रेनें भी प्रभावित।
जागरण संवाददाता, बरेली। दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन और ट्रैफिक एडवाइजरी की वजह से रेलवे ने कई ट्रेनों का संचालन निरस्त किया है।
उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की 16 ट्रेनें निरस्त की गई हैं, जिसमें बरेली होकर गुजरने वाली कासगंज-बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली-दिल्ली पैसेंजर, लखनऊ-नई दिल्ली मेल समेत सात ट्रेनें शामिल हैं। इनमें से अधिकांश ट्रेनें बरेली से रात और सुबह के समय चलती हैं, ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी होगी। सबसे अधिक यात्री इंटरसिटी एक्सप्रेस और दिल्ली पैसेंजर से जाते हैं।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 12056 देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को, 12229 लखनऊ-नई दिल्ली मेल और 12429 लखनऊ-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस नौ अक्टूबर को, 12230 नई दिल्ली-लखनऊ मेल, 12430 नई दिल्ली-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 15303 कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को निरस्त रहेगी।
इसके अलावा नौ अक्टूबर को 64567 बुलंदशहर-तिलकब्रिज पैसेंजर, 54307 मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर, 54075 बरेली-दिल्ली पैसेंजर और 54076 दिल्ली-पैंसेजर निरस्त की गई।
वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक नौ अक्टूबर को 12559 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, 10 अक्टूबर को 12560 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 12582 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 82501 लखनऊ जंक्शन-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस, 82502 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन तेजस एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
