विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ से सरायकाले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन नहीं जाएगी नमो भारत...जनशताब्दी समेत दो अन्य ट्रेनें भी निरस्त

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 10 Oct 2026 05:47 AM (GMT+05:30)

दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. दिल्ली प्रदर्शन के कारण मेरठ में सुरक्षा कड़ी।

  2. नमो भारत के दो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद।

  3. जनशताब्दी सहित दो ट्रेनें निरस्त, एक डायवर्ट।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित प्रदर्शनकारियों के दिल्ली कूच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर जिले की सीमाओं पर भारी पुलिस बल और रिजर्व पुलिस बल (आरआरएफ) तैनात किया गया है। मेरठ-रुड़की रोड स्थित सिवाया और मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा समेत दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए चेकिंग अभियान शुरू किया है। सिवाया टोल प्लाजा और काशी टोल प्लाजा पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध नजर आने वाले वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है। वाहन चालकों से पूछताछ कर उनके सफर के उद्देश्य की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

रेलवे ने रेवाड़ी से मेरठ कैंट आने वाली शटल ट्रेन शुक्रवार को निरस्त रही। इसके चलते ट्रेन शनिवार को भी निरस्त रहेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से दोपहर 3:03 मिनट पर चलती है और सिटी स्टेशन रात 8:25 बजे पहुंचती है। देहरादून से नई दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी ट्रेन भी निरस्त रहेगी। देहरादून से ट्रेन दोपहर तीन बजे चलती है और नई दिल्ली रात 11:05 बजे पहुंचती है। वहीं उत्कल एक्सप्रेस शनिवार को योगनगरी ऋषिकेश से मेरठ आने के बाद डायवर्ट रहेगी। इसे हापुड़, खुर्जा होते हुए रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन गाजियाबाद, निजामुद्दीन और मथुरा नहीं जाएगी।

एनसीआरटीसी ने सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन शुक्रवार रात 9 बजे से 10 अक्टूबर 2026 की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। इस अवधि में यात्री इन दोनों स्टेशनों का इस्तेमाल नमो भारत ट्रेन में चढ़ने या उतरने के लिए नहीं कर सकेंगे। मेरठ से आनंद विहार तक नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेंगी। आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम (मेरठ) के बीच ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी।

दिल्ली जाने से पहले जरूर रखें ध्यान
अगर आप मेरठ से दिल्ली किसी काम, नौकरी, पढ़ाई या अन्य जरूरी कार्य के लिए जा रहे हैं, तो यात्रा शुरू करने से पहले यह जरूर देख लें कि आपको किस स्टेशन पर उतरना है। दोनों स्टेशनों के बंद रहने के दौरान अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे परिवहन विकल्पों की जानकारी पहले से जुटा लें, ताकि रास्ते में परेशानी न हो।

यात्रियों से की गई अपील
यात्रियों को इस परिवर्तन के लिए एनसीआरटीसी ने नमो भारत एप पर भी सूचना अलर्ट अपडेट किया है। इसके साथ ही स्टेशन व ट्रेन में भी सूचना प्रसारित की जा रही है।