विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्क्रीन शेयरिंग से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट! गृह मंत्रालय के लाइव सेशन में IPS अंशिका वर्मा ने दी बड़ी चेतावनी

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:24 PM (IST)

गृह मंत्रालय के साइबर दोस्त पोर्टल पर एसपी अंशिका वर्मा ने लाइव सेशन में स्क्रीन शेयरिंग और ऑनलाइन गेमिंग से होने वाली साइबर धोखाधड़ी के प्रति आगाह किया।

साइबर दोस्त पोर्टल पर लाइव सेशन के दौरान एसपी अंशिका वर्मा। सौ पुलिस

साइबर दोस्त पोर्टल पर लाइव सेशन के दौरान एसपी अंशिका वर्मा। सौ पुलिस

HighLights

  1. गृह मंत्रालय के साइबर दोस्त पोर्टल पर एसपी अंशिका वर्मा ने लाइव सेशन में दी अहम जानकारी

जागरण संवाददाता, बरेली। स्क्रीन शेयरिंग में बहुत सावधान रहने की जरूरत है। किसी भी एप में स्क्रीन शेयर करने से साइबर अपराधी आपका डाटा चोरी कर सकते हैं। ये आपके आधार कार्ड, पैन कार्ड व बैंक अकाउंट की जानकारी हो सकती है। इसका साइबर अपराधी धोखाधड़ी की रकम ट्रांसफर करने में इस्तेमाल करते हैं।

आनलाइन गेमिंग के माध्यम से ट्रस्ट जीतकर पैसे डिजिटल क्वाइन व क्रिप्टो में कनवर्ट कर साइबर ठगी की जाती है जबकि आनलाइन गेमिंग से पैसा कमाना बैन है। ये अहम जानकारी गृह मंत्रालय के साइबर दोस्त पोर्टल पर एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने लाइव सेशन के दौरान दी।

गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की इंटरनेट मीडिया स्ट्रेटजिस्ट समृद्धि जैन ने उनसे अहम सवाल पूछे। जिसमें सबसे पहले बरेली में आनलाइन गेमिंग से साइबर धोखाधड़ी के गिरोह का राजफाश रहा।

एसपी अंशिका ने बताया कि भुता में इनपुट के आधार पर गिरोह का राजफाश किया गया था जो डालर को डिजिटल क्वाइन में बदलकर चैटिंग एप के माध्यम से खरीदकर रुपये लिए जा रहे थे।

गिरोह के छह लोगों के 60 बैंक खाते मिले, जिसमें कई म्यूल खाते थे। इनमें करोड़ों का लेनदेन किया गया था। उन्होंने बताया कि ये बैंक खाते बिना उपभोक्ता की जानकारी के साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहे थे, ऐसे में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है।

आनलाइन गेम डाउनलोड करते समय आफर मिलने पर बरतें सावधानी

पैसे दोगुणा करने, आफर एक घंटे के लिए है या अन्य आकर्षक आफर हो तो सावधान रहने की जरूरत है। गेमिंग एप में डिजिटल वालेट में पैसे कमाने का लालच दिया जाता है।

जबकि कई डिजिटल वालेट फर्जी होते हैं और जब पैसों को वालेट से निकालने का प्रयास करते हैं तो नहीं होते हैं। इस तरह से भी लालच दिया जाता है कि कुछ रुपये का भुगतान करने पर बहुत सारे गेम डाउनलोड कर सकते हैं।

इस तरह के मामलों में फ्राड होता है और रकम भी फर्जी खातों में ट्रांसफर करा ली जाती है। ऐसे में गेम डाउनलोड करते समय सावधान रहने की जरूरत है।

एजेंसियों से बचने के लिए क्रिप्टो करेंसी का इस्तेमाल

साइबर ठग क्रिप्टो करेंसी का इस्तेमाल धोखाधड़ी में करते हैं ताकि मनी ट्रेल काफी जटिल हो जाए और पुलिस व अन्य एजेंसियां उन तक न पहुंच पाएं। इसके लिए वह बहुत सारे म्यूल अकाउंट खोलते हैं। क्रिप्टो के जरिए दूसरे देश में तत्काल रकम ट्रांसफर हो जाता है। इसके नियम अभी भी सख्त नहीं है।

आधिकारिक एप से जुटाएं जानकारी

आनलाइन प्लेटफार्म पर पेमेंट करने से पहले से एप के बारे में जानकारी जुटाएं। एप को आधिकारिक प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें। प्ले प्रोटेक्ट सेटिंग लगाएं ताकि एप स्कैन हो सके, ताकि उसमें छिपे स्पेम के बारे में पता चल सके। इसके अलावा रिव्यू भी चेक कर लें।

पेमेंट के लिए बैंक के आधिकारिक एप का करें इस्तेमाल

पेमेंट करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सबसे पहले बैंक के आधारिक एप या फिर आधिकारी यूपीआइ से ही पेमेंट करें। जहां तक हो सके तो भौतिक रूप से भुगतान करें। इसके साथ ही वेरीफिकेशन के समय भी सावधानी बरतें। बैंक में जाकर ही वेरीफिकेशन कराएं।

म्युल खातों में ट्रांसफर करते हैं रकम

आनलाइन कमाई के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईमेल आइडी, मोबाइल नंबर व अन्य दस्तावेज देने से पहले सावधान होना चाहिए। ये समझ लेना चाहिए इसका गलत इस्तेमाल होगा। इन दस्तावेज से अपराधी म्युल अकाउंट खोलेंगे और उनके धोखाधड़ी की रकम भेजकर आपको भी अपराध में शामिल कर देंगे।

साइबर हेल्पलाइन पर करें तुरंत शिकायत

साइबर ठगी का पता चलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करना चाहिए। इसके साथ ही साइबर अपराध पोर्टल पर जाकर शिकायत करें ताकि पुलिस सतर्क हो जाएं।

बैंक को भी इसकी जानकारी दें। अपने आधार कार्ड को भी यूआइडीआइ पर जाकर बायोमेट्रिक लाक कर सुरक्षित करें। यह भी पता कर लें कहीं आपके नाम पर लोन तो नहीं लिया है। इसके लिए अपना एप के माध्यम से क्रेडिट स्कोर जांच लें।

यह भी पढ़ें- बरेली में लापरवाही की हद: नगर निगम के डिपो के बजाय ड्राइवरों के घरों पर खड़े हो रहे कूड़ा वाहन, एक मौत के बाद खुली पोल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।