बरेली में लापरवाही की हद: नगर निगम के डिपो के बजाय ड्राइवरों के घरों पर खड़े हो रहे कूड़ा वाहन, एक मौत के बाद खुली पोल
बरेली में कूड़ा वाहन की टक्कर से कारोबारी की मौत के बाद नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे ...और पढ़ें

बाकरगंज वाल्मीकि मंदिर के पीछे खड़े आयुषी हाईजीन को आवंटित कूड़ा कलेक्शन में लगे वाहन, यह भूमि मंदिर प्रशासन की है और ड्राइवरों का घर इसी मुहल्ले में है। जागरण
HighLights
कार्यदायी संस्था आयुषी हाईजीन के पास पार्किंग न स्टैंड, नियमों की निगरानी में जिम्मेदार बेपरवाह
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर की सड़कों से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी संभालने वाले नगर निगम के वाहन ही अब उसकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कूड़ा उठान के बाद जिन वाहनों को नगर निगम परिसर एवं पार्किंग-स्टैंड में खड़ा होना चाहिए, वे चालकों-हेल्पर के घरों तक पहुंच रहे हैं।
मंगलवार सुबह कूड़ा उठाने वाली गाड़ी की टक्कर से कारोबारी विनय गुप्ता की मौत के बाद व्यवस्था की खामियां भी उजागर होने लगीं।हादसे में शामिल वाहन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगी एजेंसी आयुषी हाईजीन के चालक रंजीत के घर पर खड़ा था, जिसे हेल्पर नीरज चलाकर ले जा रहा था।
इससे स्पष्ट होता है कि निगम के वाहन एजेंसी चालकों की मनमर्जी से शहर के बाहर और ड्राइवर-हेल्परों के निजी कार्य में भी उपयोग हो रहे।
हालांकि हादसे के बाद नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कार्यदायी संस्था आयुषी हाईजीन से वाहन के निगम क्षेत्र के बाहर कैंट में पहुंचने को लेकर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने शहर में कूड़ा उठान का जिम्मा पीपीपी सिक्योरिटी और आयुषी हाईजीन को सौंप रखा है। व्यवस्था के तहत वाहनों को निर्धारित समय पर कूड़ा उठान के लिए क्षेत्र में भेजा जाता है।
काम पूरा होने के बाद इन्हें नगर निगम के निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाना चाहिए। इसके पीछे वाहनों की सुरक्षा, उनके संचालन पर नियंत्रण और नियमित तय समय से कूड़ा उठान की व्यवस्था की निगरानी जैसे उद्देश्य हैं।
इसके बावजूद एजेंसी के चालक वाहन को अपने घर ले जा रहे। जो केवल पार्किंग नियमों की अनदेखी के साथ ही पूरी व्यवस्था को चुनौती दे रहे।
हादसे के बाद कर्मचारी पर फोड़ा ठीकरा, खुद को बचाने में जुटी एजेंसी
कैंट क्षेत्र में चालक के घर पर वाहन खड़ा मिलने के बाद नगर निगम ने आयुषी हाईजीन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नगर निगम के पास कूड़ा उठान के लिए चारों जोन में 150 से अधिक वाहन हैं, इनके लिए निर्धारित पार्किंग स्थल अब तक चिह्रित नहीं है।
ऐसे में प्रत्येक वाहन की प्रतिदिन की आवाजाही का रिकार्ड न निगम के पास है न ही एजेंसी के पास। गुरुवार को जागरण पड़ताल में कई वाहन एजेंसियों की ओर से आवंटित संबंधित ड्राइवरों के घर के पास खड़े मिले।
बाकरगंज में वाल्मीकि मंदिर के पास निगम के तीन टिपर खड़े मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त वाहनों के ड्राइवरों का घर इसी मुहल्ले में है और हर दिन की तरह वह वाहनों को अपने घर के पास ही लेकर आते हैं और यहीं पार्क करते हैं।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि कूड़ा कलेक्शन में लगी एजेंसी से वाहन के शहर से बाहर जाने को लेकर जवाब मांगा गया है, जवाब के आधार पर अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बिना लोकार्पण ही दौड़ने लगे वाहन: बरेली के नवदिया झादा फ्लाईओवर के नीचे शुरू हुआ 6-लेन अंडरपास, बंद हुए पुराने कट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।