प्रसिद्ध चौबारी मेले की तैयारियां शुरू, मगर बदहाल रास्ते और उड़ती धूल से दुकानदार व श्रद्धालु परेशान
बरेली में 20 से 28 नवंबर तक लगने वाले 101वें चौबारी मेले में अव्यवस्था और धूल के गुबार से दुकानदार व लोग परेशान हैं।

HighLights
101वां चौबारी मेला 20 से 28 नवंबर तक लगेगा।
मुख्य रास्ते टूटे, धूल और अव्यवस्था से लोग परेशान।
पशुओं की खरीद-बिक्री, घरेलू सामान का बड़ा बाजार।
जागरण संवाददाता, बरेली। रामगंगा नदी किनारे लगने वाला 101वां प्रसिद्ध चौबारी मेला इस बार 20 से 28 नवंबर तक लगेगा। कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। दूर-दराज से दुकानदार अभी से पहुंचकर अपनी दुकानें सजाने में जुटे हैं।
बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूले भी लगाए जा रहे हैं, लेकिन मेले में व्यवस्थाओं की स्थिति ठीक नहीं है। मुख्य रास्ता कच्चा और जगह-जगह टूटा हुआ है।
यहां से वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उठता है, जिससे दुकानदारों और लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अब तक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की पहल नहीं की गई है।
मेले में जगह-जगह छोटी-छोटी दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। कई छोटे झूले तैयार हो चुके हैं, जिन बच्चे आनंद लेते दिखाई दिए। वहीं, बड़े झूलों की तैयारी का काम चल रहा है। चौबारी गांव के लोगों के अनुसार करीब 100 वर्ष पहले उनके पूर्वजों ने इस मेले की शुरुआत की थी। तभी से यह परंपरा लगातार चली आ रही है। मेले में घरेलू जरूरत के सामान के साथ पशुओं की खरीद-बिक्री भी होती है।
मेले में लगता है घोड़ों का बाजार
मेले के पूर्व प्रबंधक जयवीर सिंह ने बताया कि यह खरीफ की फसल के बाद लगने वाला पारंपरिक मेला है। इसमें स्थानीय लोग घरेलू सामान की खरीदारी करते हैं। घोड़ों का भी बड़ा बाजार लगता है। राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से घोड़े लाए जाते हैं। इनकी कीमत 50 हजार से पांच लाख रुपये तक होती है। इसके अलावा गाय, भैंस की खरीद-बिक्री भी होती है।
जयवीर सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप से गंगा घाट तक जाने वाले मुख्य रास्ते पर अवैध खनन वाले भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है। वाहनों के निकलने पर पूरा क्षेत्र धूल से भर जाता है।
वहीं, पूर्व प्रबंधक ने बताया कि मेले के लिए नई कमेटी बनाई जा रही है, जिसके लिए गांव के भूमिधरों से आवेदन मांगे गए हैं। ग्रामीण संजय सिंह ने बताया कि मेले की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय प्रयास से हमेशा से मेला लगता आया है। जिला प्रशासन को भी ध्यान देने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- रामगंगा तट किनारे सजने लगा ऐतिहासिक चौबारी मेला, 100 साल पुराना है इतिहास
लोगों से बातचीत-
मेले में दुकान लगा रहे हैं, बीते कई वर्षों से यहां आना हो रहा है। व्यवस्थाएं बेहतर करने की जरूरत है।
- सोनू गंगवारमेले में बेल्ट, चश्मा आदि की दुकान लगाने आए हैं। उड़ती धूल के कारण सभी को परेशानी हो रही है।
- ओमकार
मेला जल्दी ही शुरू होने वाला है, इसलिए पहले से ही तैयारी करनी होती है। दुकान के लिए तैयारी हो रही है।
-कुंभकरण गंगवारमेले में चंदौसी से झूला लेकर कई साल से पहुंच रहा हूं। इस बार ज्यादा संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
- मो. रिजवान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।